द फॉलोअप टीम, शिलांग:
मेघालय में बड़ी राजनीतिक हलचल की खबरें हैं। मिली जानकारी के मुताबिक मेघालय कांग्रेस के 14 में से 12 विधायकों ने टीएमसी में शामिल होने का फैसला किया है। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने पूर्वोत्तर में पार्टी को तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इस बीच मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में मुकुल संगमा ने कहा कि हमने तृणमूल कांग्रेस के साथ जाने का फैसला किया है। राज्य हित में ये जरूरी है।
सामूहिक रूप से प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया
शिलांग में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुकुल संगमा ने कहा कि हमने सामूहिक रूप से अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है। राज्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता ने बाकी सभी चीजों को पीछे छोड़ दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने कहा कि जहां तक बात विपक्ष की भूमिका निभाने की है हम अपने कर्तव्य का पालन करने में विफल रहे हैं।

मुकुल संगमा ने टीएमसी में जाने पर क्या कहा
पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने कहा कि राज्य के लोगों की सेवा के प्रति प्रतिबद्धता की पूर्ण भावना ने हमें ये फैसला लेने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद हमें भरोसा था कि हम सरकार बना लेंगे लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। चुनाव के बाद हमारे नेताओं को तोड़ने की कोशिश की गई।
हालिया दिनों में कई नेताओं ने ज्वाइन की टीएमसी
गौरतलब है कि हालिया कुछ दिनों में कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी है। उनमें से अधिकांश टीएमसी का हिस्सा बने हैं। कीर्ति आजाद, अशोक तंवर जैसे वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने टीएमसी ज्वॉइन की है। यूपी में भी कांग्रेस को टूट का सामना करना पड़ रहा है। रायबरेली से युवा विधायक अदिति सिंह बीजेपी में शामिल हो गई हैं।