द फॉलोअप टीम, जयपुर:
वर्ष 2008 में राजस्थान के जैसलमेर में गोदावन ग्रुप होटल प्रोजेक्ट को लोन देने के बदले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के तत्कालीन चेयरमैन प्रतीप चौधरी पर 24 करोड़ रुपए की रिश्वत लेने का आरोप लगा था। आज उन्हें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित उनके आवास से जैसलमेर की पुलिस ने गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में उन्हें भेज दिया गया। जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने सोमवार को मीडिया को यह जानकारी दी। बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की है। बता दें कि प्रतीप चौधरी सितंबर 2013 में रिटायर हो गए थे।

प्रतीप चौधरी की गिरफ्तारी के बाद एसबीआई की ओर से जारी बयान के मुताबिक वर्ष 2007 में स्टेट बैंक ने जैसलमेर में गढ़ रजवाड़ा होटल प्रोजेक्ट को फाइनेंस किया था। तीन साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ। उसके प्रमुख प्रमोटर का अप्रैल 2010 में निधन हो गया। जून 2010 में इस अकाउंट को एनपीए (नन परफॉर्मिंग एसेट) में डाल दिया गया। इसके बाद भी कंपनी ने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के कई प्रयास किये, लेकिन उसमें कामयाबी नहीं मिली। हालांकि बैंक ने लोन को रिकवर करने की कोशिश की। वर्ष 2014 में एक एसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनी को बकाया राशि की वसूली का जिम्मा सौंपा गया। पर रिकवरी न हो सकी।

स्टेट बैंक की ओर से कहा गया है कि संपत्ति की बिक्री के बाद लोन लेने वाले शख्स ने प्राथमिकी दर्ज करवा दी। हालांकि, शिकायत करने वाला कोर्ट में अपने आरोपों को साबित करने में नाकाम रहा। चूंकि इस मामले में एसबीआई को किसी ने पक्षकार नहीं बनाया था। इसलिए जांच और सुनवाई के दौरान उसकी राय की जरूरत नहीं पड़ी। बैंक ने कहा है कि संपत्ति की बिक्री करने से पहले एसबीआई ने सारी प्रक्रिया का पालन किया था। एसबीआई ने कहा है कि आगे की जांच में बैंक न्यायिक अधिकारियों की पूरी मदद करेगा।