द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता कल्याण सिंह की हालत नाजुक है। उनको वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। लखनऊ के संजय गांधी परास्नातक आय़ुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कल्याण सिंह का हालचाल लेने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे। रक्षामंत्री उस समय कल्याण सिंह का हालचाल लेने पहुंचे जब वो एक दिवसीय लखनऊ दौरे पर थे।

खुद ऑक्सीजन नहीं ले पा रहे हैं कल्याण सिंह
मिली जानकारी के मुताबिक कल्याण सिंह खुद से ऑक्सीजन नहीं ले पा रहे हैं। उनको एनवाईवी के जरिए ऑक्सीजन दी जा रही है। उनके फेफड़ों, दिल, गुर्दा और लिवर पर दवाब बढ़ गया है। इसका असर दिमाग पर भी पड़ रहा है। गौरतलब है कि मंगलवार रात डॉक्टरों ने गले में ट्यूब डालकर उनको ऑक्सीजन देना शुरू किया। मामले को लेकर संस्थआन के निदेश प्रो. आरके धीमन ने बताया कि क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत गंभीर है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बुधवार सुबह जांच की। उनको ऑक्सीजन दिया जा रहा है।

रक्षामंत्री ने हॉस्पिटल पहुंच कर लिया हालचाल
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से कई नेता पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात कर चुके हैं। मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत तमाम वरिष्ठ नेता अस्पताल जाकर कल्याण सिंह की सेहत का हालचाल लेने अस्पताल पहुंच चुके हैं। गौरतलब है कि हाल के वर्षों में राजस्थान औऱ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके कल्याण सिंह को 4 जुलाई को संक्रमण और नीम बेहोशी की वजह से एसजीपीजीआई में भर्ती करवाया गया था। उनको दिल का दौरा भी पड़ा था।

बाबरी विध्वंस की घटना से रहे थे सुर्खियों में
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं में शुमार किए जाने वाले कल्याण सिंह पहली बार वर्ष 1991 में यूपी के मुख्यमंत्री बने। वर्ष 1997 में कल्याण सिंह ने दूसरी बार यूपी के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। कल्याण सिंह के मुख्यमंत्री रहते ही यूपी में बाबरी विध्वंस की घटना हुई थी। इस घटना की वजह से भी कल्याण सिंह की पहचान एक विवादित और दिग्गज राजनेता के तौर पर रही है। बीते कुछ समय से उनकी तबीयत खराब थी। अब रिपोर्ट आ रही है कि उनकी हालत नाजुक है।