द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का कल शनिवार को रात करीब सवा नौ बजे एक लम्बी बीमारी से जूझते हुए निधन हो गया। 89 साल की उम्र में कल्याण सिंह ने इस दुनिया को अलविदा कहा। उनका अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा के किनारे पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने प्रदेश में 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है। अलीगढ़ जिले के मढ़ौली ग्राम में तेजपाल सिंह लोधी और सीता देवी के घर पांच जनवरी 1932 को जन्मे कल्याण सिंह पहली बार 1967 में जनसंघ के टिकट पर अलीगढ़ जिले की अतरौली सीट से विधानसभा सदस्य चुने गये और इसके बाद 2002 तक दस बार विधायक बने।

हर दल के प्रमुख नेताओं ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, हम सबके लिए दुखद समाचार है, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहे। विगत दो माह से कल्याण सिंह अस्वस्थ थे। हम सब दुखी हैं, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री और एक जननेता के रूप में कल्याण सिंह ने शासन में शुचिता, दृढ़ता एवं मूल्यों के प्रति अपने कार्यकाल के दौरान जो आदर्श प्रस्तुत किये, वे आज भी मानक बने हुए हैं।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असंभव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, दुख की बात है कि आज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह हमारे बीच नहीं रहे। वे राम जन्मभूमि आंदोलन के नायक रहे। वे हमेशा दबे-कुचले और पिछड़ों की आवाज उठाते रहे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी: हमारे वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत व्यथित हूं। जनसंघ और भाजपा को उत्तर प्रदेश में खड़ा करने में कल्याण सिंह जी का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला: कल्याण सिंह जी के निधन से आज हमने एक ऐसा विराट व्यक्तित्व खो दिया जिसने अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से राष्ट्रीय स्तर पर एक अमिट छाप छोड़ी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर : कल्याण सिंह जी के निधन से एक युग का अंत हुआ है। लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। वो हमें छोड़ के चले गए हैं उनके निधन पर मैं बीजेपी और सरकार की तरफ से गहरा शोक प्रकट करता हूं।
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र: आज दु:खद समाचार प्राप्त हुआ कि कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहे। वे यूपी के दो बार सीएम रहे चुके थे और राजस्थान में राज्यपाल भी थे। उनके साथ काम करने का मुझे काफी दिन अवसर प्राप्त हुआ। उनका निधन हमारे देश और बीजेपी के लिए अपूरणीय क्षति है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत: राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन से दुखी हूं। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।
भाजपा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह : कल्याण सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यूपी में तीन दिन के राजकीय शोक के साथ ही पार्टी का भी कोई कार्यक्रम आगामी तीन दिन नहीं होगा।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव : उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह जी का निधन ह्रदय विदारक है। भगवान दिवगंत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दें। विनम्र श्रद्धांजलि।”
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती : भाजपा के कद्दावर नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के निधन की खबर अति दुखद है। उनके परिवार व समर्थकों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। इनके अलावा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राम मंदिर आंदोलन से जुड़े चंपत राय, राम विलास वेंदाती, विनय कटियार, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।