द फॉलोअप टीम, श्रीनगर:
जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर से एक बुरी खबर आई है। आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान जेसीओ सहित 5 जवान शहीद हो गये। गौरतलब है कि इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना पर सेना के जवान कार्रवाई के लिए गये थे। पुंछ सेक्टर में अभी भी मुठभेड़ जारी है। समाचार लिखे जाने तक जवानों ने 2 आतंकियों को मार गिराया था।
1 जेसीओ सहित 5 जवानों की शहादत
जम्मू के डिफेंस पीआरओ ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर भारतीय सेना के जवानों की एक टुकड़ी जम्मू कश्मीर के पुंछ जिला स्थित सुरनकोट इलाके में डीकेजी के करीब स्थित गावों में गई थी। जवानों ने गांवों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग झोंक दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। जवानों ने 2 आतंकियों को मार गिराया लेकिन ऑपरेशन में जेसीओ सहित 5 जवान शहीद हो गये।

कश्मीरी पंडितों पर हमला बढ़ गया है
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में जम्मू कश्मीर में आतंकी वारदातों में तेजी आई है। मंगलवार को आतंकियों ने तीन अलग-अलग घटना में तीन लोगों की हत्या कर दी जिसमें से एक कश्मीरी पंडित और एक बिहार का गोलगप्पा विक्रेता था। बीते बुधवार को आतंकियों ने श्रीनगर में ईदगाह इलाका स्थित सरकारी स्कूल में हमला बोला। सभी शिक्षकों की आईडेंटीटी चेक की। धर्म के आधार पर पहचान कर स्कूल की प्रिंसिपल सुपिंदर कौर औऱ शिक्षक दीपक चंद की हत्या कर दी।

सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश
जम्मू कश्मीर में बढ़ते आतंकी हमलों, विशेष तौर पर कश्मीरी पंडितों पर हमले को लेकर जम्मू कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि आतंकी घाटी में शांतिपूर्ण यथास्थिति को भंग कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना चाहते हैं। इस बीच जम्मू और कश्मीर की सड़कों पर आतंकी हमलों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गया है। कश्मीरी पंडित केंद्र की बीजेपी सरकार से भी काफी नाराज हैं। इस बीच राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि हालात काबू में कर लिया जायेगा।
