द फॉलोअप टीम, डेस्क:
कर्नाटक के कोप्पल जिला अंतर्गत हनुमानसागर के पास मियांपुरा गांव में ऐसी घटना घटी जिससे मानवता शर्मसार हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक मियांपुरा गांव में ऊंची जाति के लोगों ने दलित समुदाय के एक परिवार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना इसलिए लगाया गया क्योंकि परिवार का 4 साल का बच्चा गांव के मंदिर के अंदर चला गया था। दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से गांव के ऊंची जाति के लोगों ने नियम बनाया है कि दलित समुदाय के लोग मंदिर के अंदर नहीं जा सकते।
4 सितंबर को घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटना
गौरतलब है कि घटना 4 सितंबर की है जो अब प्रकाश में आई है। दरअसल, घटना वाले दिन 4 साल के बच्चे का जन्मदिन था। बच्चा परिवार सहित मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए गया था। परिवार वाले नियम के मुताबिक मंदिर के बाहर से ही प्रार्थना कर रहे थे लेकिन बच्चा उत्साहवश मंदिर के अंदर चला गया। गांव वालों को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने परिवार पर मंदिर को अपवित्र करने का आरोप लगाया। इस सिलसिले में 11 सितंबर को बैठक बुलाई गई। परिवार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। 10 हजार रुपये की राशि का अतिरिक्त भुगतान करने के लिए कहा गया ताकि मंदिर को सेनिटाइज कर उसे पवित्र किया जा सके। गनीमत है कि जिला प्रशासन को इसकी जानकारी मिली।

जिला प्रशासन ने दी कड़ी चेतावनी
जिला प्रशासन को जब इसकी जानकारी मिली तो पुलिस, राजस्व और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को गांव भेजा गया। कोप्पल के पुलिस अधीक्षक टी श्रीधर खुद गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से माफी मांगी। दोषियों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा ऐसा किया तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चाहती थी कि पीड़ित परिवार दोषियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए लेकिन पीड़ित परिवार ने ऐसा करने से मना कर दिया। उनका कहना था कि शिकायत दर्ज करवाने से वैमन्यस बढ़ेगा और सामाजिक सौहार्द बिगड़ जाएगा। पीड़ित परिवार ने ये भी बताया कि ऊंची जाति के कुछ लोगों ने घटना की निंदा की और उनसे माफी भी मांगी है। दोषियों ने भी माफी मांगी।

कर्नाटक जैसे साक्षर राज्य की है घटना
21वीं सदी है। आधुनिकता की बात कही जा रही है। कहा जा रहा है कि लोग बदल रहे हैं। वहां एक दलित परिवार को मंदिर में ना घुसने देना और महज 4 साल के बच्चे के मंदिर में प्रवेश करने पर जुर्माना लगाना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। अच्छी बात है कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन स्वत संज्ञान लेते हुए हरकत में आय़ा।