logo

एक ऐसी कंपनी जिसने अपने 500 कर्मचारियों को बना दिया करोड़पति, हर कर्मचारी है कंपनी का मालिक 

एक ऐसी कंपनी जिसने अपने 500 कर्मचारियों को बना दिया करोड़पति, हर कर्मचारी है कंपनी का मालिक 

द फॉलोअप टीम, डेस्क:

हम अब तक सिर्फ यह पढ़ते आएं हैं कि किसी कंपनी के मालिक ने अपने कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई। कभी उनकी सैलरी बढाकर, कभी एक्स्ट्रा बोनस देकर तो कभी अच्छा घर और कार की सुविधा देकर। अभी जिसके बारे में आप पढ़ेंगे वह सिर्फ सैलरी नहीं बल्कि अपनी कंपनी को बांटते हैं। उनके प्रयास से कंपनी के करीब 500 कर्मचारी करोड़पति बन गए हैं। जिस कंपनी की बात हो रही है, वो चेन्नई की एक कंपनी है, जिसका नाम है फ्रेशवर्क्स। फ्रेशवर्क्स कस्टमर सर्विस सॉफ्टवेयर मेकर कंपनी है। 

3 बिलियन डॉलर का फंड

कंपनी के फाउंडर गिरीश मातृभूतम हैं, जिनकी एम्प्लॉई फ्रेंडली ने कर्मचारियों को करोड़पति बना दिया है। दरअसल, बुधवार को कंपनी को नैस्डेक स्टॉक एक्सचेंज में शामिल कर लिया गया है। कंपनी को 3 बिलियन डॉलर का फंड मिला है। कंपनी के शेयर भी लिस्टिंग प्राइज से 30 फीसदी ज्यादा में ट्रेड कर रहे थे। ऐसे में कहा जा सकता है कि कंपनी के आईपीओ की वजह से और कंपनी के पब्लिक होने से ही कर्मचारियों के करोड़पति बनने का सपना पूरा हो गया। दरअसल कंपनी के दो तिहाई कर्मचारी शेयर होल्डर हैं। करोड़पति बनने वाले कर्मचारियों में 69 ऐसे कर्मचारी हैं जिनकी उम्र 30 साल से कम है। कंपनी के सीईओ ने कहा है कि उनकी कंपनी में 76 फीसदी कर्मचारी शेयर के मालिक हैं। वह खुश हैं कि उन्होंने अपने कर्मचारियों की विश को पूरा किया। 

क्या करती है कंपनी 

फ्रेशवर्क्स की स्थापना जब हुई तब तक दुनिया में कई कंपनियां इस सेक्टर में उतर चुकी थीं। उन्होंने फ्रेशवर्क्स की शुरुआत 2010 में की थी। कंपनी का बिजनेस मॉडल अपमार्केट सेल्स और उसके प्रोडक्ट पर आधारित है। सेल्स मॉडल पर इस कंपनी ने बहुत अच्छा काम किया है। फ्रेशवर्क्स के मुताबिक बिजनस सॉफ्टवेयर महंगा है और साथ ही इसे यूज करने भी आसान नहीं है। फ्रेशवर्क्स ‘रेडी टू गो’ सॉफ्टवेयर बनाती है जिसे इस्तेमाल करना आसान है। इसके लिए कंपनी ने अपना कस्टमर केयर कॉल सपोर्ट भी बनाया है जहां किसी भी वक्त जानकारी ली जा सकती है। इस कंपनी के दफ्तर दुनिया के कोने-कोने में फैले हैं जिनमें पेरिस, नीदरलैंड्स और फ्रांस जैसे देश शामिल हैं। फ्रेशवर्क्स में स्टीडव्यू कैपिटल, एस्सेल, कैपिटल जी, सिकोया कैपिटल, टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट जैसी कंपनियों ने बड़े पैमाने पर निवेश किया है। 

हर किसी के पास हो बीएमडब्लू 

गिरीश मातृभूतम ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह बिजनस परिवार से नहीं हैं। उन्होंने खुद एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम किया है। इसलिए वह एक आम कर्मचारी के सपनों को अच्छी तरह समझ सकते हैं। एक दिन उन्होंने अपनी पत्नी से कहा कि वह खुद के लिए बीएमडब्ल्यू खरीदने के लिए यह कंपनी शुरू नहीं कर रहे हैं बल्कि वह चाहते हैं कि हरेक कर्मचारी के पास बीएमडब्ल्यू हो। उन्होंने कंपनी की सफलता का श्रेय अपने सभी कर्मचारियों को देते हुए उन्होंने कहा, 'मैं कर्मचारियों के योगदान के लिए उनका शुक्रगुजार हूं। मेरा मानना है कि फ्रेशवर्क्स को बनाने में केवल मेरी भूमिका नहीं है, हम सब मिलकर इसे बना रहे हैं।'