logo

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का लेखा-जोखा, इस रिपोर्ट में पढ़िए! कब क्या हुआ

12709news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

पांच दिनों तक चलने वाले झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र आख़िरकार तमाम आरोप-प्रत्यारोप के बीच गुरुवार को समाप्त हो गया। विधानसभा का ये सत्र कई मामलों में जहां ख़ास रहा तो कई ज्यादा मामलों में विवादों से भरा रहा। सत्र के दौरान तमाम सवालों के बीच झारखंड के स्थानीय निवासियों को नियोजन में प्राथमिकता हेतु महत्वपूर्ण विधेयक भी पास करा लिया गया, सरकार पर स्थानीय नियोजन नीति में स्थानियों को साफ़-साफ़ परिभाषित ना कर पाने के आरोप भी लगे।  

भाजपा के मन में भगवान नहीं राक्षस है
पर इन तमाम आरोप-प्रत्यारोपों के बीच झारखंड विधानसभा में नमाज़ अदा करने के लिए कमरे आवंटन का मुद्दा सबसे ज्यादा गरमाया रहा। एनडीए के दोनों दल बीजेपी तथा आजसू ने पूरे मॉनसून सत्र के दौरान इसका खुलकर विरोध किया और विधानसभा के परिसर में हनुमान मंदिर के निर्माण के लिए हेमंत सरकार से जमीन की भी मांग कर डाली। एनडीए के दोनों दलों के सामूहिक विरोध पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर टिपण्णी करते हुए कहा की "भाजपा के मन में भगवान नहीं राक्षस है"। 

विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास का घेराव
बहरहाल, नमाज़ अदा करने के लिए विधानसभा में आवंटित कमरे का मामला जब सरकार की तरफ से अनसुना हुआ तो भाजपा ने विधानसभा तथा आजसू ने  मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान कर दिया। 8 सितम्बर को जब भाजपा विधानसभा तथा आजसू मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए पहुंची तो चप्पे-चप्पे पर सैकड़ो की संख्या में पुलिस भी मौजूद थी। पुलिस के द्वारा जगन्नाथ मंदिर के पीछे लगाई दूसरे बैरिकेडिंग को भाजपाई कार्यकर्ताओं ने जैसे हीं तोड़ना शुरू किया की जगह पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं व नेताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। 

आजसू कार्यकर्ताओं को भी लगी थी चोट
लाठीचार्ज के दौरान झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के हाथों में चोटें आई वहीं दूसरी तरफ भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर का पैर भी टूट गया जिसके चलते आनन-फानन में उन्हें रिम्स में भर्ती करना पड़ा। वहीं मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर रहे आजसू के कार्यकर्ताओं के भी चोटिल होने की खबर है। उनको भी हॉस्पिटल ले जाया गया।  

बीजेपी-आजसू कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज
विधानसभा घेराव कर रहे भाजपा के नेताओं तथा सैकड़ों अज्ञात भाजपाई कार्यकर्तों पर मामला धुर्वा थाने में टाउन सीओ के द्वारा दर्ज कराया गया जिसमे रांची से सांसद संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, अमरदीप यादव, सुजान मुंडा, कमलेश राम आदि समेत  28 नामजद के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, वहीं मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर रहे आजसू के 1500 से अधिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी लालपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। आजसू पर मोराबादी मैदान में पुलिस पर हमला करने तथा सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है जिसमे आजसू चीफ सुदेश महतो, आजसू विधायक लम्बोदर महतो, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी आदि भी शामिल है।