logo

गढ़वा में दर्दनाक सड़क हादसा, तिलक से लौट रहे दो युवकों की मौत; एक गंभीर

गढ़वा में दर्दनाक सड़क हादसा, तिलक से लौट रहे दो युवकों की मौत; एक गंभीर

चंदन/गढ़वा
गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तिलक समारोह से खुशियां मनाकर लौट रहे तीन युवकों की जिंदगी कुछ ही पलों में तबाह हो गई, जब उनकी मोटरसाइकिल मझिआंव-गढ़वा रोड स्थित बकोइया प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


मृतकों की पहचान, परिवार में पसरा मातम
मृतकों की पहचान मझिआंव थाना क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी शिवपूजन राम के 18 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और बिहार के रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्णाडीह गांव निवासी बिहारी राम के 20 वर्षीय पुत्र योगेंद्र राम के रूप में हुई है। वहीं रितेश का 23 वर्षीय सगा भाई राकेश कुमार इस हादसे में बुरी तरह घायल हो गया है, जिसका गढ़वा सदर अस्पताल में इलाज जारी है। रितेश अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था और आईएसी का छात्र बताया जा रहा है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


तेज रफ्तार और बोलेरो के कट से बिगड़ा संतुलन
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर हैदर नगर से तिलक समारोह से अपने गांव खजुरी लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को कट मार दिया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और तेज रफ्तार बाइक सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रितेश और योगेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।


पुलिस जांच में जुटी, बोलेरो की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। घायल राकेश को स्थानीय लोगों, परिजनों और प्रशासन की मदद से तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के लिए जिम्मेदार बोलेरो वाहन की तलाश की जा रही है।
 

Tags - road accident Garhwa news Jharkhand news bike accident breaking news fatal accident