logo

गढ़वा ट्रिपल हत्याकांड का खुलासा, 8 लाख रुपयों के लिए पति ने पत्नी और 2 बच्चों को मार डाला

7673news.jpg
द फॉलोअप टीम, गढ़वा:

गढ़वा में बीते 19 अप्रैल को ट्रिपल मर्डर की घटना हुई थी। विवाहित महिला और उसके दो बच्चों की निर्मम हत्या कर दी गयी थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने जो बताया वो काफी हैरान करने वाला है। हत्या का आरोपी महिला का पति ही निकला। शख्स ने अपनी पत्नी और दो बच्चों को कुल्हाड़ी से काट डाला था। इतने दिनों से वो पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। 


8 लाख रुपयों के लिए की थी हत्या
मृतिका शोभा देवी के पति सत्यदेव रजक ने पुलिस को बताया कि  उसको पीएफ के 8 लाख रुपए मिले थे। इसमें से शोभा ने ढाई लाख रुपए अपने मायके में दे दिया था। इसी बात पर हमेशा झगड़ा हुआ करता था। 19 अप्रैल को भी इसी बात विवाद हुआ था और पति ने कुल्हाड़ी से काट कर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। ये जानकारी SDPO अवध कुमार यादव ने गुरुवार को दी।

शव देखते ही बेहोश हुआ था सत्यदेव
बता दें कि 19 अप्रैल को सत्यदेव रजक के घर में ही पत्नी शोभा देवी ,बेटा रंजीत रजक व अभिषेक रजक शव मिला था। आरोपी पति ने जैसे ही शव को देखा चीखते हुए बेहोश हो गया था। जब होश में आया तो उसने बताया था कि वो नया घर बना रहा है। पत्नी और बच्चों को छोड़कर वो वहीं गया था। जब आया तो देखा कि तीनों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गयी है।

ससुर के बयान से हत्थे चढ़ा आरोपी
मृतका शोभा के पिता रामेश्वर बैठा ने बताया कि कुछ दिन पहले सत्यदेव फोन कर उनसे 5 लाख रुपये घर बनाने के लिए मांग रहा था। इतना पैसा नही रहने की वजह से पिता ने आवश्यकता अनुसार 15,000 ईंट देने की बात कही थी। इस पर सत्यदेव ने फोन पर धमकी दी गई कि अगर पैसा नहीं मिला तो इसका अंजाम बुरा होगा।
 
पिता के इसी बयान पर पुलिस ने सत्यदेव रजक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया है।

सबूत मिटाने के लिए बच्चों की हत्या
सत्यदेव ने पुलिस को बताया कि उसे PF के 8 लाख रुपए मिले थे लेकिन पत्नी ने बिना पूछे ही ढाई लाख रुपए मायके वाले को दे दिया था। इस वजह से विवाद हुआ करता था। 19 अप्रैल को भी विवाद होने के बाद आक्रोशित होकर घर में रखी कुल्हाड़ी से आरोपी ने पत्नी को काट दिया। उसके छोटे बेटे ने अपनी मां की हत्या को देख लिया था और बोला कि पापा ने मम्मी को मार दिया। सत्यदेव ने कुल्हाड़ी से अपने बेटे को भी काट दिया। बड़ा बेटा सोया हुआ था। गुस्से में आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी।