logo

गीता शर्मा: मुंबई की वो 'शेरनी!'  जिन्होंने 100 से ज्यादा वहशियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया

गीता शर्मा: मुंबई की वो 'शेरनी!'  जिन्होंने 100 से ज्यादा वहशियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया

द फॉलोअप टीम, मुंबई:

एक ईमानदार वकील की बहुत बड़ी भूमिका होती है किसी अपराधी को सलाखों तक पहुंचाने में। वकील अगर चाह ले कि वो निर्दोष को न्याय दिलाकर रहेगा तो फिर वह उस केस में अपनी जी-जान झौंक देता है। ऐसी ही एक वकील हैं गीता शर्मा जो मुंबई में एक सरकारी वकील हैं। उन्होंने अब तक अपने अथक प्रयास से 100 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। 

बच्चियों से जुड़े मामलों में मुकदमा
गौरतलब है कि सभी अपराधी महिलाओं और बच्चियों से जुड़ी हिंसा से संबंधित थे। गीता शर्मा कहती हैं कि किसी भी मामले को अंजाम तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। गुरुवार को गीता शर्मा ने अपहरण और बलात्कार के मामले में सौवें अपराधी को जेल भिजवाया है। इसमें पीड़िता 15 साल की है जिसकी दोस्ती 19 साल के लड़के के साथ हुई थी।

अब तक 200 केस में वकील रह चुकी हैं 
लॉकडाउन की शुरुआत से अब तक उन्होंने 33 गुनाहगारों को जेल भिजवा दिया हैं। 18 मुजरिमों को उम्रकैद, 4 को 20 साल की सजा और सोलह को 10 साल की सजा मिली है। बता दें कि गीता अब तक 200 से ज्यादा मामलों में सरकारी वकील रह चुकी हैं। ज्यादातर मामलों में पीड़िता 18 साल से कम उम्र की होती है। वो बतातीं हैं कि पॉक्सो में आने वाले मामलों में ज्यादातर लड़कियां नाबालिग होती हैं। अक्सर आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार या परिचित होता है। उन्हें रोजाना 100 से ज्यादा पन्ने पढ़ने होते हैं। जिनमें पीड़ितों के बयान होते हैं। उन्हें न्याय दिलाना जरूरी होता है। 

एक मामला आज भी उनके जहन में 
एक बार एक 2 साल के बच्चे के साथ अप्राकृतिक सेक्स हुआ था। वह कहतीं है कि वह मामला आज भी उनके जहन में ताजा है। आरोपी मासूम बच्चे को जमीन में दफना रहा था लेकिन एक युवक ने उसे बचाया। इस तरह के मामले में उन्हें बच्चों के सामने आरोपी का स्केच बनवाना होता है। बच्चे से बहुत प्यार करना होता है उन्हें अपनी बातों में उलझाना होता है। वह कहतीं है कि मुश्किल तब और बढ़ जाती है जब लोग अपने बयान से मुकर जाते हैं। क्योंकि ऐसे केस में आरोपी कोई अपना या परिचित ही होता है।