गिरिडीह
तिसरी बाजार में शुक्रवार रात बीडीओ मनीष कुमार एवं सीओ अखिलेश प्रसाद द्वारा कुछ होटलों और ठेलों पर रसोई गैस के अवैध इस्तेमाल की जांच के दौरान जमकर हंगामा हुआ। जांच के दौरान बीडीओ पर एक ठेले वाले के साथ गाली-गलौज करने का आरोप लगा, जिसके बाद स्थानीय लोग भड़क गए और सड़क जाम कर दिया। 
तिसरी बाजार में बीडीओ और सीओ की टीम की कार्रवाई
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि तिसरी बीडीओ और सीओ की टीम ने तिसरी बाजार के कई होटलों और ठेलों पर घरेलू रसोई गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल की जांच की। इसी दौरान एक ठेले वाले को गाली गलौज कर दिया और इससे नाराज लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। सड़क जाम की सूचना पर तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और आकृषित लोगों को समझा बुझा कर जाम खत्म करवाया। 
BDO ने ठेले वाले के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया
इधर घटना को लेकर जहां स्थानीय लोगों का आरोप है कि BDO ने ठेले वाले के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। तो वहीं झामुमो तिसरी प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, इस मामले को उपायुक्त के संज्ञान में लाया जाएगा। बीडीओ की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। ये सिर्फ रात में निकलकर गरीब लोगों को परेशान करते हैं, जबकि ओवरलोड गाड़ियों और अन्य अवैध कारोबार पर चुप्पी साध लेते हैं।
बीडीओ के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेंगे
वहीं स्थानीय माले नेता मंटू शर्मा ने बीडीओ पर और गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, जांच के दौरान तिसरी के एक होटल में रसोई गैस का प्रयोग पाया गया, लेकिन बीडीओ ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा वे वहां से बियर की एक पेटी अपने साथ ले गए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दिया कि अगर बीडीओ ठेले वाले से माफी नहीं मांगते है तो इसके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेंगे।
लगे आरोपों पर प्रशासन का क्या रुख
फिलहाल इस पूरे मामले पर बीडीओ या सीओ की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के दौरान क्या कार्रवाई हुई और लगे आरोपों पर प्रशासन का क्या रुख है, इसका इंतजार है। गौरतलब है कि घरेलू LPG सिलेंडर का व्यावसायिक इस्तेमाल गैरकानूनी है। समय-समय पर प्रशासन द्वारा छापेमारी की जाती है, लेकिन इस बार कार्रवाई का तरीका विवादों में आ गया है।