द फॉलोअप टीम, चंडीगढ़:
हरियाणा की विशेष सीबीआई अदालत ने रणजीत सिंह हत्याकांड मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सहित पांच आरोपियों को दोषी ठहराया है। सभी दोषियों को 12 अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी। शुक्रवार को मामले में आरोपी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम और कृष्ण कुमार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश हुआ था। गौरतलब है कि आरोपी अवतार, जसवीर औऱ सबदिल प्रत्यक्ष रूप में कोर्ट में उपस्थित हुए थे। मामला 2002 का है।
2 घंटे तक चली बहस के बाद ठहराया दोषी
गौरतलब है कि पहले इस केस में 26 अगस्त को फैसला सुनाना था। अभियोजन पक्ष के वकील एचपीएस वर्ता ने बताया कि 19 साल पुराने इस मामले में बीते 12 अगस्त को बचाव पक्ष की अंतिम बहस पूरी हो गई थी। सीबीआई जज डॉ. सुशील कुमार गर्ग की अदालत ने करीब ढाई घंटे तक चली बहस के बाद आरोपियों को दोषी करार दिया।

कुरुक्षेत्र निवासी रणजीत सिंह की हत्या की थी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 10 जुलाई 2002 को डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन समिति के सदस्य रहे कुरुक्षेत्र निवासी रणजीत सिंह की हत्या कर दी गई थी। गौरतलब है कि डेरा प्रबंधन को शक था कि रणजीत सिंह ने साधी यौन शोषण की गुमनाम चिट्ठी अपनी बहन से ही लिखवाई थी। गौरतलब है कि पुलिस की जांच से असंतुष्ट रणजीत के पिता ने जनवरी 2003 में हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सीबीआई जांच की मांग की थी। सीबीआई ने मामले में जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
दुष्कर्म मामले में भी हो चुकी है 20 साल की सजा
बता दें कि गुरमीत राम रहीम को साध्वियों से यौन शोषण के आरोपों में दोषी साबित होने पर 20 साल की सजा हो चुकी है। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड मामले में वो सुनारिया जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। अब उसे रणजीत सिंह हत्याकांड में दोषी ठहराया गया है। आगामी 12 अक्टूबर को गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाई जाएगी।