logo

ऑनलाइन सेक्स की चाहत में गाढ़ी कमाई गंवा रहे लोग, सेक्सटॉर्शन बना साइबर ठगी का नया तरीका

12460news.jpg

द फॉलोअप टीम, हजारीबाग:

सेक्सटॉर्शन। साइबर ठगी की उलझी दुनिया में ये नया नाम है। बड़ी संख्या में लोग इसका शिकार होते जा रहे हैं। हैरानी की बात है कि झारखंड में भी सेक्सटॉर्शन के जरिए ठगी का जाल फैलता जा रहा है। प्रदेश में इसके कई शिकार सामने आए हैं। गौरतलब है कि जामताड़ा के बाद अब हजारीबाग भी साइबर ठगी का गढ़ बनता जा रहा है। मिली नई जानकारी के मुताबिक हजारीबाग में साइबर क्राइम मॉड्यूल को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 

सेक्सटॉर्शन बना साइबर ठगी का नया तरीका
मिली जानकारी के मुताबिक गोरहर और बरकट्ठा थाना क्षेत्र में बड़ा रैकेट सेक्सटॉर्शन के लिए काम कर रहा है। हजारीबाग पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति बना रही है। पुलिस का कहना है कि जामताड़ा जिस तरह से देशभर में साइबर अपराध के लिए फेमस है उसी तरह हजारीबाग सेक्सटॉर्शन के लिए जाना जाने लगा है। हाल ही पुलिस ने कुछ ऐसे ही साइबर क्रिमिनल्स को गिरफ्तार भी किया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सेक्सटॉर्शन में साइबर क्रिमिनल्स लोगों को ऑनलाइन यौन संबंध बनाने का लालच देकर ठगी का शिकार बनाते हैं। 

जानिए! क्या है सेक्सटॉर्शन का पूरा जाल
बता दें कि सेक्सटॉर्शन कुछ-कुछ हनी ट्रैप जैसा है। यहां शिकार को ऑनलाइन यौन संबंध बनाने का लालच दिया जाता है। वीडियो कॉल पर लड़की का रिकॉर्डेड वीडियो चलाया जाता है। वीडियो कॉल में लड़की शख्स को कपड़े उतारकर अश्लील हरकतें करने को मजबूर करती है और फिर इसका वीडियो बना लिया जाता है। इस वीडियो से व्यक्ति को ब्लैकमेल कर पैसे वसूले जाते हैं। सेक्स संबंधी वीडियो चैट के जरिए अपराधी पैसे वसूलते हैं। लोग भी लोक-लाज के डर से घबराकर अपराधियों के जाल में फंस जाते हैं। और मुंहमांगी रकम दे देते हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह एस्कार्ट सर्विस देने के नाम पर पहले ग्राहकों से बात करते हैं। उनके साथ अश्लील चैटिंग करते है और फिर अश्लील वीडियो भी बनाया जाता है। संबंधित व्यक्ति पैसा देने की में आनाकानी करता है तो फिर ऑनलाइन में उसे वायरल करने की धमकी दी जाती है। 

पुलिस ने जनता से सतर्क रहने की अपील की
हजारीबाग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर उन्हें कोई अनवांटेड लिंक आती है तो उसे शेयर ना करें और ना ही उसे ओपन करें। साथ ही साथ अपना मोबाइल नंबर, आधार नंबर, अकाउंट नंबर और सिक्रेट पिन की गोपनीयता बनाये रखें। साथ ही साथ सोशल मीडिया पर भी फ्रेंड रिक्वेस्ट आता है तुरंत एक्सेप्ट ना करें पहले उसकी जांच कर लें तभी फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करें। 

गिरफ्तार आरोपियों में से एक करोड़पति है
हाल ही में पुलिस ने किशोर साव और उसके साथियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी किशोर साव के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है। इसके घर से 50 लाख रुपये के जमीन के दस्तावेज और कोर्रा थाना अंतर्गत तीन मंजिला घर की होने की बात सामने आई है। हजारीबाग पुलिस ईडी के संपर्क में है ताकि साइबर अपराधियों का प्रॉपर्टी अटैच किया जा सके। हजारीबाग पुलिस का कहना है कि इनके पास से विभिन्न बैंकों के 11 चेक बुक, 11 एटीएम कार्ड 13, पासबुक, मोबाइल फोन मिला है।

उच्च शिक्षा प्राप्त हैं गिरफ्तार साइबर अपराधी
जिनकी गिरफ्तारी हुई है, उनके नाम किशोर साव, रमेश कुमार, विनोद कुमार साव, गौतम कुमार नायक, केदार साव, श्याम सुंदर यादव है। किशोर साव इस पूरे गिरोह का किंगपिन बताया जा रहा है।  जो MA B.Ed की शिक्षा भी पा चुका है।