हिमाचल प्रदेश बरसात की मार झेल रहा है। कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई जगह आवागमन अवरुद्ध हो गया है। सोमवार को मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मैक्लोडगंज के पास भागसूनाग में नाले में उफान आने पर सड़क से कई गाड़ियां बह गईं। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस घटना से लोगों से दहशत का माहौल है। जिला कुल्लू में मानसून की पहली मूसलाधार बारिश हुई है। जिला का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। भूस्खलन की वजह से मंडी से कुल्लू तक का रास्ता ब्लॉक हो गया है। साथ ही मंडी-कटौला मार्ग भी ब्लॉक हुआ।
मंडी से कुल्लू और मंडी-कटौला मार्ग ब्लॉक
पागलनाला में बाढ़ आने से औट-लारजी-सैंज मार्ग बंद हो गया। यहां सब्जियों के साथ निगम की बसें व अन्य वाहन फंसे गए हैं। जिला में करीब 15 से अधिक सड़कों पर भूस्खलन होने से अवरूद्ध हो गई है। वहीं हिमाचल पथ परिवहन निगम की चार बसें फंस गई है। ब्यास, पार्वती, सरवरी खड्ड सहित जिला के नदी-नाले उफान पर हैं। मानसून की पहली बरसात में ही कुल्लू शहर पानी-पानी हो गया है। सड़क व रास्तों में जगह-जगह पानी के तालाब बनने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।