logo

Jharkhand Weather Update: झारखंड में 'मॉनसून' की एंट्री, प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

9749news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में मॉनसून ने प्रवेश कर लिया है। रविवार को मॉनसून धनबाद जिला के जरिये झारखंड में प्रवेश कर गया। मॉनसून की वजह से धनबाद सहित राज्य के बाकी जिलों में रूक-रूककर बारिश हो रही है। संताल परगना के भी जिलों में बीते 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक सर्वाधिक वर्षा दुमका के मोहारो इलाके में हुई है। यहां 94.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी। 

वज्रपात के साथ होगी भारी बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार और मंगलवार को झारखंड के कुछ जिलों में बारिश के साथ वज्रपात भी हो सकता है। किसी-किसी जिले में इस दरम्यान भारी बारिश भी होगी। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 और 17 जून को झारखंड के उत्तरी और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

मॉनसून ने गर्मी से भी दिलाई है राहत
मॉनसून के प्रवेश के साथ ही राज्य में गर्मी से लोगो को राहत मिली है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान रविवार को 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था। अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.5 दर्ज किया गया। 

इस वर्ष राज्य में अच्छी होगी बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस वर्ष  झारखंड में मॉनसून की स्थिति काफी अच्छी होगी। खेती का काम बढ़िया से हो सकेगा। धान की उपज भी अच्छी होने की संभावना है। हालांकि, किसानों को पिछले वर्ष बेचे गए धान की अच्छी कीमत नहीं मिल सकी है। इस वजह से किसानों की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। किसानों को बिचड़ा भी वक्त पर नहीं मिल सका है।