रेणु से मिले नहीं कभी, लेकिन उनके बारे में हिंदी में सबसे अधिक लिखा। मूलत: कवि थे, लेकिन अंत में रेणु के अध्येता के रूप में ख्याति हासिल की। बात भारत यायावर की है, जो कल हम सब से बिछुड़ गए। फॉलोअप की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि। पढ़िये तीन लेखक के तीन संस्मरण।-संपादक
द फॉलोअप टीम, रांची:
वरिष्ठ लेखक व राजनेता प्रेमकुमार मणि लिखते हैं, भारत से पहली मुलाकात 1977 में हुई थी। मई का महीना रहा होगा ; क्योंकि इंदिरा गाँधी की सरकार का पतन हो गया था और रेणु जी की मृत्यु हो गई थी। मेरी एक कहानी ' सारिका ' के अप्रैल अंक में छपी थी, जिसे पढ़ कर भारत और सत्येंद्र सत्यार्थी हज़ारीबाग से चल कर पटना आए थे मुझ से मिलने। दोनों उस वक़्त छात्र और एक दूसरे के गहरे मित्र थे। सत्येंद्र की दिलचस्पी राजनीति में भी थी। भारत केवल साहित्य में दिलचस्पी रखते थे। थोड़े खिलंदड़ लेकिन दिलचस्प नौजवान। जब भी पटना आते मिलते और कई दफा हमलोग साथ खाना बनाते, खाते और रात भर साहित्य पर बातें करते। हज़ारीबाग में हमलोगों के मित्र सच्चिदानंद धूमकेतु एसडीओ थे। उन्होंने एक साहित्यिक जलसा करवाया तो हज़ारीबाग जाना हुआ। भारत छाया की तरह साथ रहे। हमलोगों ने साथ में घूमघाम किया। फिर वह रमणिका गुप्ता के साथ जुड़ गए। उन्होंने एक पत्रिका भी निकाली 'नवतारा ' या ऐसा ही कुछ। रेणु जी के साहित्य में उसकी दिलचस्पी उस वक़्त भी काफी थी। रेणु जी से नहीं मिलने का उन्हें काफी अफ़सोस था। वह कवि बना, साहित्यान्वेषी और अंततः उसकी पहचान रेणु और उनके साहित्य के विशेषज्ञ के रूप में स्थापित हो गई। काम करने का उन पर धुन सवार रहता था। साधक की तरह। रेणु पर उसने जितना काम किया है, उसके लिए हिंदी साहित्य -समाज उसका ऋणी रहेगा। यह जरूर हुआ कि इस पहचान के कारण उसके कवि रूप की कम चर्चा हुई। इधर कई वर्षों से मिलना कम हो रहा था। पिछले वर्ष एक दिन टेलीफोन पर थोड़ी बात हुई थी। कल फेस बुक पर उनकी एक पंक्ति देखी -साँसे उखड रही है ..... ' सोचा ऐसा कोई क्यों लिखेंगे । वह मज़ाक कर रहे होंगे, उनकी आदत थी लेकिन इतनी उदास और बेचैन करने वाली खबर मिलेगी मैंने नहीं सोचा था।

लेखक मुकेश प्रत्यूष का कहना है, दिन में फोन किया। स्वीच आफ आया। अंदेशा हुआ शायद अस्पताल गए हों लेकिन शाम होते-होते उनके निधन की सूचना आ गई। वर्षों से रात में दस बजे के बाद यह कहते हुए कि मुझे रात में नींद बहुत कम आती है। बिना किसी संकोच के घ॔टो फोन पर समकालीन साहित्य की, घर-परिवार की बात करने वाले सबसे पुराने मित्र चले गए। मेरी पहली कविता उन्होंने ही 1978 में ने नवतारा में प्रकाशित की थी। हमारी मित्रता की शुरुआत वहीं से हुई। जब वे फणीश्वरनाथ रेणु रचनावली का संपादन कर रहे थे तो उनके संबंध में जानकारियों, उनकी रचनाओं की तलाश में प्रायः पटना आते थे। पटना रेणुजी की कर्मभूमि रही है। पटना में उनके मित्रों की संख्या बहुत ज्यादा थी। यायावरजी अक्सर मुझे भी साथ ले लेते। कभी मुझे समय नहीं होता तो वे मेरी साइकिल लेकर चले जाते और देर रात में वापस आते। रेणुजी के प्रति वे अपने अंतिम दिनों तक समर्पित रहे। हर बातचीत में उनपर अपने काम की प्रगति की जानकारी जरूर देते। अंतिम मुलाकात दो वर्ष पहले हजारीबाग में हुई थी। पहुंचते ही उन्हें फोन किया। वे खुश भी हुए और दुखी भी कि मैं इतने कम समय के लिए क्यों आया। मिलने आए। अपना नया काव्य संग्रह कविता फिर भी मुस्कुराएगी दी। हमने फिर हिलने का वायदा किया लेकिन कोरोना के कारण न वे आ पाए, न मैं जा पाया। पिछले कुछ महीनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे। हमेशा कहते खड़ा होने या बैठने में दिक्कत होती है। लेकिन हजारीबाग से बाहर कहीं जाकर ईलाज करवाने को तैयार नहीं होते। मर्माहत हूं।

पत्रकार संजय कृष्ण ने लिखा, भारत यायावर आखिर चले गए। दो-तीन सप्ताह पहले ही बात हुई थी। रेणु के एक संस्मरण के सिलसिले में। बोले-थोड़ी तबीयत ठीक नहीं है। ठीक होता हूं तो भेजता हूं। यह भी बताया कि पहले से बेहतर हैं। रेणु की जीवनी जब सेतु से आई थी, तब भी बात हुई थी। एक खबर बनानी थी। सामग्री भी उन्होंने कुछ भेजी थी, लेकिन आज-कल, आज-कल के चक्कर में टलता रहा और अब यह मनहूस खबर आ गई। महावीर प्रसाद द्विवेदी और रेणु पर उनका काम सदैव याद किया जाता रहेगा। रेणु पर तो उनका काम जारी ही था। रेणु की न जाने कितनी छवियां उनके भीतर मौजूद थी। जब भी लिखते, हर बार कुछ अलग अंदाज में रेणु हाजिर होते। उनकी रचनाओं का संपादन, समग्र का संपादन, प्रतिनिधि रचनाएं, कहानियां, रिपोर्ताज से लेकर अब उनकी जीवनी आई थी। इसका पहला खंड ही आया था। दूसरा आने वाला था। पता नहीं, दूसरा खंड पूरा हुआ है या नहीं...। एक और काम उनका याद आता है। वह है राधाकृष्ण पर। उनका एक उपन्यास भी उन्होंने प्रकाशित कराया था। एक प्रतिनिधि रचनाओं का चयन भी और साहित्य अकादमी से भी राधाकृष्ण पर एक किताब उनके संपादन में आई थी। भारत जी एक अलग किस्म के रचनाकार थे। वह लगातार यात्रा भी करते रहे। अपने नाम-स्वभाव के अनुसार। देश भर की लाइबे्ररियों की खाक भी छानी। यह बिना जुनून के संभव नहीं था। यह सब करते हुए बार-बार वे अस्वस्थ भी होते रहे। फिर ठीक हो जाते, लेकिन इस बार जिंदगी दगा दे गई। अबकी वे अनंत यात्रा पर निकल गए, जहां से वापसी संभव नहीं। नमन, हिंदी के इस सेवी को। हजार बागों वाले शहर के इस सपूत को।
