द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
बस्ती जिले के गोटवा बाजार नगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हो गयी। दरअसल यह परिवार झारखंड जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना के वक़्त कार में 7 लोग मौजूद थे, जिनमें से दो लोग जीवित है और पांच की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि कार एक खड़े कंटेनर के पीछे जा घुसी। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर व फुटहिया पुलिस ने किसी तरह कार से पांचों शवों को बाहर निकाला है।

दो लोग बाल बाल बचे
हादसे के बाद एक बच्ची और कार चालक बचे हैं। दोनों की हालत गंभीर है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। जानकारी के अनुसार यह परिवार झारखंड का है लेकिन लखनऊ में ही रहकर जमीन के प्लाटिंग का काम करते थे। मृतक अब्दुल अजीज बुधवार की रात अपने परिवार के साथ कार से ही झारखंड जा रहे थे। दरअसल अब्दुल अजीज की माता का देहांत बुधवार को हो गया था। ऐसे में वह परिवार के साथ गोड्डा जिले के सिरसी महगमा जा रहे थे। इसी बीच हाईवे पर नगर थाना क्षेत्र के कटया गांव के समीप उनकी कार हादसे की शिकार हो गई। घटना में अब्दुल अजीज, नर्गिस तबस्सुम, अनम, सिजरा, तुबा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि कार चालक अभिषेक व एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

सीएम ने जताया शोक
सूचना पाकर मौके पर थाना प्रभारी नगर अरविन्द कुमार कोरी, फुटहिया चौकी प्रभारी रामदेव, सिपाही भालचंद्र यादव, अभिषेक, कृष्णा, आदि मौके पर पहुंच गए। किसी तरह से कार को तोड़ कर शवों को बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायलों का समुचित उपचार कराने तथा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।