logo

भाई को बचाने के लिए खुद को कर दिया आगे, चली गोली और हो गयी मौत

8057news.jpg
द फ़ॉलोअप टीम, जमशेदपुर:
जमशेदपुर के जुगसलाई में व्यक्ति की हत्या कर दी गयी। हत्या का आरोप एक होटल व्यवसायी पर लगा है। आरंभिक जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मृतक की पहचान विक्रम सिंह नाम के व्यक्ति के रूप में की गयी है। हत्यारोपी होटल व्यवसायी का नाम ओम नारायण उर्फ टुनटुन सिंह है। ओम नारायण ने रिवॉल्वर से गोली चलाई थी। 

हत्यारोपी घटनास्थल से हुआ फरार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ओम नारायण घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना पर जुगसलाई औ बागबेड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस वारदात की जांच में जुट गयी है। इस बीच मृतक के परिजनों ने हॉस्पिटल में खूब हंगामा किया। स्थानीय लोग भी उनके साथ थे। ये लोग हत्यारोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। 

भाई को बचाने में गयी विक्रम की जान
जानकारी के मुताबिक घटना से पहले होटल मालिक ओम नारायण सिंह होटल के एक कमरे में अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। तभी उसने वहां अमर सिंह नाम के युवक को बुलाया। अमर सिंह से होटल मालिक के पैसे का लेन देन था। अमर सिंह होटल में अपने भाई विक्रम और संजू के साथ पहुंचा था। तभी दोनों में विवाद होने लगा। इस पर होटल मालिक ने अमर पर बंदूक तान दी। अमर को बचाने के लिए उसका भाई विक्रम बीच में आ गया। गोली उसे जा लगी।