logo

मानवाधिकार कार्यकर्ता 84 वर्षीय फदर स्टेन स्वामी नहीं रहे, हिरासत में इलाज के दौरान तोड़ा दम

मानवाधिकार कार्यकर्ता 84 वर्षीय फदर स्टेन स्वामी नहीं रहे, हिरासत में इलाज के दौरान तोड़ा दम
द फॉलोअप टीम, रांची:
मानवाधिकार कार्यकर्ता फदर स्टेन स्वामी के कल कोमा में चले जाने और वेंटिलेटर पर रखे जाने की खबर मिली थी। आज 84 वर्षीय फादर स्टेन स्वामी का निधन हो गया। भीमा कोरेगांव-एल्गार परिषद् के मामले में वो दस माह से तलोजा जेल में बंद थे। स्वास्थ्य इतना गिर चुका था कि मुंबई के होली फ़मिली अस्पताल ने इन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। इधर, रांची में उनकी रिहाई की मांग की जा रही थी। केंद्र और महाराष्ट्र सरकार से झारखंड जनाधिकार महासभा ने मांग की थी कि स्टेन स्वामी को विशेषज्ञ इलाज मुहैया कराई जाए और उन्हें तत्काल रिहाई कर झारखंड वापिस लाने की व्यवस्था की जाए। लेकिन अबतो  मातमी सन्‍नाटा है। 8 अक्टूबर 2020 को उन्हें  NIA द्वारा उनके नामकुम स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था, 23 अक्टूबर को वे न्यायिक हिरासत में भेजे गए थे। हिरासत में ही अस्पताल में इलाज चल रहा था। होली फैमिली अस्पताल के डॉ. डिसूजा के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े 04 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। सोमवार दोपहर 1.30 बजे उन्हें मृत घोषित किया गया। उनकी जमानत की अर्जी पर आज ही मुंबई हाईकोर्ट में सुनवाई होनी थी।

जनाधिकार महासभा ने केंद्र सरकार को बताया ज़िम्मेवार
महासभा की ओर से जारी बयान में अलोका कुजूर, भारत भूषण चौधरी, एलीना होरो और मंथन ने कहा कि भारत सरकार और जाँच संस्था NIA इस बुज़ुर्ग की पीड़ाओं के लिए और उनको इस दयनीय स्थिति तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह ज़िम्मेवार है। सम्बंधित NIA अदालत ने भी इनके मेडिकल और नियमित बेल याचनाओं पर कार्यवाही न कर इस यातना में अपनी भागीदारी बनायी है। महाराष्ट्र सरकार के मदद के अश्वाशन भी आश्वासन ही रहे, कोई ठोस मदद नहीं मिली।

मई में बिगड़ी तबीयत, हाईकोर्ट से मिली थी इलाज की इजाजत
मई महीने की शुरुआत से ही तलोजा जेल में स्टेन का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा था। इन्हें खांसी, बुख़ार, कमजोरी, और ख़राब पेट की शिकायत होती रही। इन्हें कोविड के लक्षण होने के बावजूद इसकी जाँच नहीं हुई। काफ़ी शोर मचाने के बाद इन्हें कोविड का टीका लगा जो इन्हें दूसरे वेव के शुरुआत में न देकर जब वे गम्भीर रूप से बीमार हो गए तब दिया गया। इस दौरान वे कोविड पॉजिटिव भी पाए गए। उच्च न्यायालय ने 28 मई को इलाज के लिए इन्हें होली फ़ैमिली अस्पताल जाने की अनुमति दी।

8 अक्तूबर 2000 को किया गया था गिरफ़्तार
स्टेन स्वामी को भीमा कोरेगाँव मामले में 8 अक्तूबर 2000 को रांची नामकुम बगीचा से गिरफ़्तार किया गया था। आदिवासी संगठन, कई ग्राम सभा, सिविल सोसाइटी, राजनीतिक नेता और यहाँ तक कि झारखंड के मुख्यमंत्री तक ने उनकी गिरफ़्तारी की भर्त्सना की और उनके प्रति समर्थन जताया है। स्टेन पिछले दस महीनों से जेल में बंद जीवन के लिए संघर्ष करते रहे।  वो फिर भी नहीं सकते थे।

तमिलनाडु में जन्‍म, झारखंड को बनाया कर्मभूमि
स्टेन स्वामी का जन्म 26 अप्रैल 1937 को तमिलनाडु के त्रिचि में हुआ था। 70 के दशक में वे थियोलॉजी पढ़ने के लिए फिलिपिंस गए, जहां उन्होंने कई तरह के प्रदर्शन और आंदोलनों में हिस्सा लिया। बाद में वे झारखंड आए और फिर यहीं बस गए। यहां उन्होंने मानवाधिकारों की रक्षा के लिये एक्टिविज्म शुरू की। हालांकि उनके एक्टिविज्म का दायरा मानवाधिकार से आगे तक भी था। उन्होंने झारखंड में पांचवीं अनुसूची को पूरी तरह लागू नहीं करने पर भी सवाल खड़े किये थे।