logo

कौन है वो लड़की जिसके एक बयान से पाकिस्तान में बवाल हो गया!

कौन है वो लड़की जिसके एक बयान से पाकिस्तान में बवाल हो गया!
द फॉलोअप टीम, डेस्क: 
पाकिस्तान की मानवाधिकार कार्यकर्ता और नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित मलाला युसूफजई इन दिनों विवादों में है। उनका एक बयान आजकल सुर्खियां बटोर रहा है। मलाला ने ब्रिटिश फैशन मैगजीन वोग को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि मुझे समझ नहीं आता कि लोग शादी क्यों करते हैं। यदि आपको एक पार्टनर चाहिए तो शादी के कागजों पर दस्तखत करने की क्या जरूरत है। आप पार्टनरशिप के जरिए भी अच्छा साथी पा सकते हैं। अब इस बयान पर विवाद हो गया है। 

मलाला के शादी वाले बयान पर मचा है बवाल
पाकिस्तान में मलाला युसूफजई के इस बयान से काफी बवाल मचा हुआ है। लोगों को कहना है कि मलाला युसूफजई ने विवाह जैसी संस्था को खारिज किया है। कई लोगों का कहना है कि लगता है कि मलाला को शादी के वास्तविक अर्थों के विषय में नहीं पता है। कुछ लोगों ने ये कहा कि मलाला युसूफजई के बयान से युवा पीढ़ी में शादी जैसी सामाजिक संस्था पर से विश्वास कम हो जायेगा। कुछ लोग ये भी कहते नजर आये कि पार्टनरशिप में महिलाओं का शारीरिक और भावनात्मक शोषण होता है। इसमें पुरुष, महिलाओं का इस्तेमाल करता है और फिर उसे छोड़ देता है। 

लोगों ने मलाला के बयान को बचकाना बताया
सोशल मीडिया में कई लोगों ने कहा कि मलाला का बयान काफी बचकाना है। इनमें अधिकांश महिला यूजर्स थीं। उनका कहना था कि शादी के कागजों पर दस्तखत करने से महिलाओं का अधिकार सुरक्षित रहता है। घरेलु हिंसा से बचाव से लेकर आर्थिक समानता और अधिकार तक उनकी बात सुनी जाती है। मलाला युसूफजई ने खुद कहा कि उनकी मां भी उनकी बात से सहमत नहीं है। बकौल मलाला, उनकी मां ने कहा कि तुम ऐसी बात फिर कभी नहीं करोगी। तुम्हें शादी करनी है। शादी बहुत खूबसूरत रिश्ता होता है। मलाला ने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वो क्या करेंगी। 

मलाला ने ब्रिटिश फैशन मैगजीन को दिया इंटरव्यू
गौरतलब है कि लड़कियों की शिक्षा के लिए काम करने वाली सबसे कम उम्र की मानवाधिकार कार्यकर्ता मलाला युसूफजई को ब्रिटिश फैशन मैगजीन वोग के जुलाई वाले अंक में जगह दी गयी है। इसी सिलसिले में वोग मैगजीन की रिपोर्टर सीरीन केल ने मलाला का इंटरव्यू लिया। इसी इंटरव्यू के दौरान शादी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मलाला ने कहा कि मुझे समझ में नहीं आता कि लोग शादी क्यों करते हैं। यदि आपको पार्टनर ही चाहिए तो शादी के कागज पर दस्तखत करने की क्या जरूरत है। आप पार्टनरशिप भी कर सकते हैं। 

प्रेम संबंधों को लेकर मलाला ने दिलचस्प बात कही
प्रेम संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मलाला ने कहा कि मेरे कुछ साथियों के पार्टनर्स हैं। मैंने अभी इस बारे में नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के द्वितीय वर्ष तक मैं सोचती थी कि मैं कभी भी शादी नहीं करूंगी। कभी भी बच्चे पैदा नहीं करूंगी। हमेशा अपना काम करती रहूंगी लेकिन मैं ये नहीं जानती थी कि वक्त के साथ इंसान की सोच बदल जाती है। मलाला ने कहा कि हालांकि मैंने अभी तक शादी के बारे में कुछ नहीं सोचा है। फिलहाल में लड़कियों को शिक्षित करने के मिशन पर लगी हूं। अभी-अभी ही अपना ग्रेजुएशन भी खत्म किया है। 

अक्टूबर 2012 में मलाला पर हुआ था जानलेवा हमला
गौरतलब है कि पाकिस्तानी नागरिक मलाला यूसुफजई को अक्टूबर 2012 में तालिबानियों ने गोली मार दी थी। इस जानलेवा हमले के बाद मलाला को इंग्लैंड भेज दिया गया था। वो तब से वहीं रह रही हैं। बीते साल की मलाला ने लंदन की मशहूर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से दर्शनशास्त्र, राजनीति और अर्थशास्त्र विषयों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। मलाला फिलवक्त दुनिया भर में  लड़कियों की शिक्षा के लिए मिशन पर काम कर रही हैं। तालिबानियों ने भी मलाला को लड़कियों की शिक्षा के लिए काम करने और आवाज उठाने के एवज में गोली मार दी थी।