द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
भारत के कुछ राज्यों में तेजी से कोरोना वायरस का प्रसार हो रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ में दक्षिण अफ्रीका से लौटा एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। शख्स के परिवार के सदस्यों में से उसकी घरेलु सहायिका भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। दोनों के सैंपल्स को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेजे जाने की तैयारी है।
कर्नाटक के आवासीय विद्यालय में कोरोना ब्लास्ट
कर्नाटक के हासन स्थित चन्नरायपट्टन में मोरारजी देसाई आवासीय विद्यालय के 13 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि इनमें से किसी में भी कोई लक्षण नहीं दिखा है। विद्यालय ने निर्देश जारी कर इन विद्यार्थियों के निकट संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन होने को कहा है। जिला निगरानी अधिकारी डॉ.शिवशंकर ने ये जानकारी दी।

बेंगलुरु में शख्स में मिला डेल्टा से अलग स्ट्रेन
गौरतलब है कि बेंगलुरु में भी 2 लोगो कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। कोरोना संक्रमित पाए गए लोग हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लौटे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इनमें से एक व्यक्ति में डेल्टा वैरिएंट संक्रमण पाया गया है जबकि दूसरे व्यक्ति में डेल्टा वैरिएंट से अलग लक्षण पाया गया है। हालांकि दोनों के ही सैंपल्स को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है।
दुनिया के इन देशों तक फैल चुका है स्ट्रेन
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, इस्त्राइल, इंडोनेशिया, लेसोथे सहित कु 6 देशों में कोरोना वायरस का नया ओमिक्रोन स्ट्रेन पाया गया है। दक्षिण अफ्रीका ने 24 नवंबर को विश्व स्वास्थ्य संगठन को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद डब्ल्यूएचओ ने पूरी दुनिया को इसकी जानकारी दी और अलर्ट जारी किया।