logo

ATM में पैसा न हुआ, तो बैंक को अब देना होगा जुर्माना

ATM में पैसा न हुआ, तो बैंक को अब देना होगा जुर्माना

द फॉलोअप टीम, रांची:

आप सभी की ज़िन्दगी में एक न एक बार तो ऐसा हुआ ही होगा, जब आपको पैसों की सख्त जरुरत होगी और आपके पास कैश पैसे नहीं होंगे। फिर आप एटीएम की खोज में निकलें हो और एटीएम पहुँच कर  पता चले मशीन में पैसे ही नहीं है। इसी चक्कर में कईं बार तो न जाने कितने एटीएम के चक्कर लगाने पड जाते हैं।  
        
एटीएम  में पैसे नहीं हुए तो बैंक पर लगेगी पेनाल्टी 
इस परेशानी से मुक्ति दिलाने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने रास्ता निकाल लिया है। अब अगर किसी एटीएम में पैसा नहीं होगा तो उस बैंक पर पेनाल्टी लगेगी। 1 अक्टूबर 2021 से ये नियम लागू हो जाएगा। नए नियम के अनुसार, एक महीने में कुल 10 घंटे से ज्यादा समय तक अगर एटीएम में कैश नहीं रहा तो जिस बैंक का एटीएम है उस पर पेनाल्टी लगाई जाएगी। 

RBI ने अपने सर्कुलर में कहा 

“ एटीएम में कैश ना रहने पर बैंक को पेनाल्टी देने की योजना बनाई जा रही है ताकि  एटीएम में पर्याप्त कैश रहे। ” रिजर्व बैंक के कार्यों में से एक कार्य है बैंक नोट जारी करना । इन नोटों को आम पब्लिक तक पहुंचाने का काम तमाम सरकारी और प्राइवेट बैंक अपने ब्रांच और एटीएम के जरिए करते हैं। इसकी समीक्षा की गई तो पता चला कि एटीएम में अक्सर पैसे खत्म हो जाते हैं और आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है इसलिए ये फैसला लिया गया है कि बैंक और वाइट लेबल एटीएम ऑपरेटर अपने सिस्टम को बेहतर बनाएंगे।  जिससे इस बात पर नजर रखी जाएगी कि कहीं एटीएम में पैसे खत्म तो नहीं हो गए।  ऐसा होने पर फौरन एटीएम में पैसे रीफिल करना सुनिश्चित किया जाएगा। 

एटीएम का संचालक कोई भी हो , बैंक से ही वसूली जाएगी पेनाल्टी 
2021 के आंकड़ों के अनुसार देश में अलग-अलग बैंकों के 2,13,766 एटीएम काम कर रहे हैं।  बैंक के एटीएम का संचालन दो तरह से होता है । एक  वो एटीएम जो खुद बैंक के द्वारा चलाया जाता है । और दूसरा  वो जिनके संचालन का जिम्मा थर्ड पार्टी एजेंसी को दिया जाता है।  इन थर्ड पार्टी ऑपरेटरों को ही वाइट लेबल एटीएम ऑपरेटर कहते हैं। आरबीआई ने कहा कि अगर एटीएम का संचालन थर्ड पार्टी ऑपरेटर करता है, तब भी एटीएम में पैसे न होने पर पेनाल्टी बैंक से ही वसूली जाएगी। बैंक पेनाल्टी स्वरूप वसूली गई राशि को वाइट लेबल एटीएम ऑपरेटर से वसूल सकता है । 

आरबीआई  ने 1 अगस्त को किए थे बदलाव 
आरबीआई ने एटीएम सेवाओं के विस्तार और सर्विस को बेहतर बनाने की बात करते हुए 1 अगस्त से नए नियम लागू किए हैं।  रिजर्व बैंक ने 1 अगस्त से बैंक ATM पर इंटरचेंज चार्ज 2 रुपए बढ़ा दिए हैं।  यानी अब बैंक अब लिमिट पूरी होने पर हर वित्तीय लेनदेन के लिए 15 की जगह 17 रुपए लेता है।  गैर वित्तीय लेनदेन के लिए 5 रुपए की जगह 6 रुपए चार्ज करता है।  इंटरचेंज चार्ज वो रकम होती है, जो बैंकों की ओर से क्रेडिट या डेबिट कार्ड से पेमेंट प्रोसेस करने वाले मर्चेंट से ली जाती है. इंटरचेंज चार्ज सीधे ग्राहकों से नहीं वसूला जाता है।  इंटरचेंज ट्रांजेक्शन से जुड़े नियमों में 9 साल बाद ये बदलाव हुआ है। कस्टमर के लिए पहले की तरह अपने बैंक के एटीएम से हर महीने 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा जारी रखी गई है।  लेकिन अगर आप दूसरे बैंक का एटीएम इस्तेमाल करते हैं तो मेट्रो सिटी में 3 और नॉन मेट्रो सिटी में 5 फ्री ट्रांजैक्शन ही कर सकेंगे।