द फॉलोअप टीम, भोपाल:
भोपाल में शनिवार को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। यहां की जर्जर और बदहाल सड़क की हालत वाकई देखने लायक है। होशंगाबाद रोड स्थित दानिश नगर में महिलाएं सड़क पर विरोध करने उतरीं। अब आप सोचेंगे कि इसमें बड़ी बात क्या है विरोध तो आये दिन होते रहते हैं तो आपके सोचने से पहले मैं बता दूं कि महिलाएं ऐसे वैसे सड़क पर विरोध नहीं कर रहीं थी बल्कि वह खूब सज-धज कर नयी साड़ियां और मॉडल्स की तरह वन पीस और गाउन पहन कर विरोध कर रहीं थी। महिलाओं ने सज-धज कर बदहाल सड़क पर रैंप वॉक किया जिसमें करीब एक घंटे तक 'ऐ भाई जरा देख के चलो' गाना बजाया गया। यह सिलसिला करीब एक घंटे तक चला जब महिलाओं ने गड्ढों में रैम्प वॉक किया।

बच्चों और बुजुर्गों में भी गुस्सा
खस्ताहाल सड़क को लेकर बच्चों और बुजुर्गों में भी आक्रोश दिखा। भोपाल सफाई के मामले में देश में 7वें नंबर पर है। लेकिन शहर की सड़कें गांवों की सड़कों से भी ख़राब हैं। यहां तक की पॉश कॉलोनियों की सड़कों पर सिर्फ गड्ढे ही हैं। CM शिवराज सिंह चौहान हाल ही में अफसरों को फटकार लगा चुके हैं। भोपाल की खूबसूरती पर खराब सड़कें दाग लगा रही हैं।

क्या कहते हैं स्थानीय
स्थानीय लोगों ने कहा कि कॉलोनी में 450 घर हैं। इसके बावजूद भी यहां की सड़कें जर्जर हैं। बारिश के दौरान तो पैदल गुजरना आफत है। लोग गड्ढों में गिर जाते हैं। नगर निगम टैक्स वसूल रहा है, तो फिर सुविधाएं क्यों नहीं। जनप्रतिनिधि सिर्फ वोट बैंक की तरह लोगों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसलिए गड्ढों में रैम्प वॉक करना पड़ा, ताकि प्रशासन जाग सकें। एक महिला ने बताया कि यहां 30 साल से रहे हैं, लेकिन सड़क नहीं है। जगह-जगह गड्ढे हैं और गुजरने में परेशानी होती है। मध्य प्रदेश में सड़कों का खस्ताहाल किसी से छुपा नहीं है। जिन सड़कों की तुलना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वॉशिंगटन की सड़कों से करते रहे हैं, वे जर्जर हैं ।