logo

खगड़िया में ये कैसी शराबबंदी! नशे में धुत होकर थाने में ड्यूटी करता पाया गया दरोगा, मामला दर्ज

14763news.jpg

द फॉलोअप टीम, खगड़िया: 

बिहार में जहरीली शराब कांड सुर्खियों में है। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसे सख्ती से पालन करवाने की जिम्मेदारी पुलिस की है लेकिन थानेदार खुद नशे में टल्ली पाए गए हैं। मामला खगड़िया जिले का है। यहां एक थाने में दरोगा नशे में धुत होकर ड्यूटी कर रहे थे। मामला जिले के गोगरी थाना का है। यहां सब इंस्पेक्टर अरूण कुमार झा को ऑन ड्यूटी नशे में पाया गया। सोचिये कि नशे में होकर कैसे शराबबंदी लागू करवा पाएंगे। 

नशे में ड्यूटी कर रहे थे दरोगा अरूण झा
मामले के संबंध में खगड़िया के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि उनको गुप्त सूचना मिली थी कि गोगरी थाना में दरोगा अरूण कुमार झा नशे में ड्यूटी कर रहे थे। सूचना के आधार पर गोगरी थाना प्रभारी पवन कुमार को निर्देश दिया गया कि वे दरोगा अरूण कुमार झा का मेडिकल टेस्ट करवायें। जांच में दरोगा द्वारा शराब पीने की पुष्टि हुई। दरोगा अरूण कुमार झा के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दरोगा को जेल भेजने का भी निर्देश दिया गया है। उनको जेल भी जाना पड़ सकता है। मामला संगीन है। 

एसपी अमितेश कुमार ने दिया सख्त निर्देश
मिली जानकारी के मुताबिक खगड़िया एसपी अमितेश कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि सभी लोग मद्य निषेध अधिनियम कानून का सख्ती से पालन करें औऱ लोगों से करवायें अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा। 

खगड़िया में पहले भी आ चुका है ऐसा मामला
खगड़िया में किसी पुलिसकर्मी के नशे में पाये जाने का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले  21 मई को नगर थाना में दरोगा राजकुमार सिंह भी नशे में पाये गए थे। तब भी एसपी अमितेश कुमार ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उनको जेल भिजवाया था। वहां दरोगा राजकुमार सिंह नगर थाना परिसर में बने भवन में ही शराब पी रहे थे। जांच मे उनके शराब पीने की पुष्टि की गई थी हाल ही में बिहार में शराब पीने की वजह से 32 लोगों को जान गंवानी पड़ी।