द फॉलोअप टीम, डेस्क:
आने वाले वक्त में जब आप गाड़ी चला रहे होंगे तो हो सकता है कि हॉर्न की आवाज ना सुनाई दे। ट्रैफिक में गाड़ियों का शोर ना होकर संगीत हो। कानफो़ड़ू हॉर्न की बजाय, तबला, ढोलक, हारमोनियम या माउथ ऑर्गन की आवाज सुनाई दे। नहीं-नहीं! ये कल्पना नहीं बल्कि सच में ऐसा हो सकता है। ये हम नहीं कह रहे बल्कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है। नितिन गडकरी ने कहा कि हम ऐसा कानून लाने पर विचार कर रहे हैं।

नितिन गडकरी में कानून लाने की बात की
गौरतलब है कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 3 अक्टूबर को नासिक में एक कार्यक्रम में शामिल होने आये थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि हम ऐसा कानून लाने का सोच रहे हैं जिसके तहत प्रत्येक भारतीय के लिए संगीत वाद्ययंत्रों जैसे कि हारमोनियम, तबला की ध्वनियों का वाहनों के हॉर्न के रूप में इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। गडकरी ने कहा कि हम एंबुलेंस और पुलिस वाहनों के सायरन को भी कर्णप्रिय ध्वनियों में बदलने पर विचार कर रहे हैं। गडकरी ने ये बातें ध्वनि प्रदूषण के संदर्भ में कही।

ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए बनेगा कानून
गौरतलब है कि प्रदूषण के मामले में ध्वनि प्रदूषण एक बड़ी समस्या है। इसका सबसे बड़ा स्त्रोत गाड़ियों का शोर और हॉर्न है। इसके अलावा लाउड स्पीकर, डीजे और कल कारखानों में मशीनों की आवाज ध्वनि प्रदूषण के स्त्रोत हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए ध्वनि के अलग-अलग मानदंड निर्धारित किये हैं। रिहायशी इलाकों में प्रतिदिन 55 डेसिबल और रात में 45 डेसिबल की सीमा निर्धारित की गई है। औद्योगिक इलाकों में दिन के वक्त 75 डेसिबल और रात को 70 डेसिबल निर्धारित की गई है, लेकिन अक्सर इसका उल्लंघन किया जाता है।
ध्वनि प्रदूषण की वजह से होती है डिमेंशिया बीमारी
गौरतलब है कि अल्जाइमर बीमारी भारत में डिमेंशिया के प्रमुख कारणों में से एक है। विशेषज्ञों के मुताबिक डिमेंशिया ध्वनि प्रदषण की वजह से होता है। ट्रैफिक के शोर की वजह से डिमेंशिया का खतरा बढ़ता है। बुजुर्ग इससे खासतौर पर प्रभावित होते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि भारत सबसे अधिक आबादी वाला देश बनने जा रहा है। बुजुर्ग जनसंख्या तेजी से बढ़ी है। समाज के इस वर्ग को डिमेंशिया का सबसे ज्यादा खतरा है। ये बीमारी सोचने, यद करने या सामान्य व्यवहार में दिक्कत पैदा करता है।