logo

शादी का झांसा देकर 3 बच्चों की मां का यौन शोषण, आरोपी ने 3 लाख रुपये भी ठग लिए

9098news.jpg
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर:

जमशेदपुर में महिला के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। शहर के इंडियन बाजार के रहने वाले मालिक परवेज आलम पर तीन बच्चों की मां के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगा है। पीड़िता मानगो आजादनगर में ओल्ड पुरुलिया रोड येसू भवन के पास की रहने वाली है। 


पति से अलग रह रही थी पीड़ित महिला
पुलिस की दी गई लिखिति शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी 2006 में हुई थी। 2019 में महिला अपने पति से अलग हो गई। महिला का कहना है कि उसके पति का किसी और महिला से भी संबंध था। पति से अलग होने के बाद वो मानगो में रहने लगी थी। तीन बच्चों की परवरिश के लिए वो इंडियन बाजार में काम करने लगी। इस बीच परवेज आलम ने उसके बारे में जानकारी इकट्ठा की। महिला का कहना है कि जब लॉकडाउन के समय दुकान बंद हुआ तो आरोपी ने उसे साफ-सफाई के बहाने दुकान में बुलाया और शारीरिक संबंध बनाया। उसने शादी का वादा भी किया। 

शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण
बकौल पीड़िता, आरोपी ने महिला से कहा कि पति से तलाक होते ही उससे शादी कर लेगा। इस बीच वो लगातार महिला के घर आता-जाता रहा। उसने महिला से कुछ जेवर भी ले लिये। तीन लाख रुपये भी इस बीच महिला से ठग लिए। महिला का कहना है कि जब उसने परवेज से शादी की बात को तो वो मुकर गया। जनवरी में महिला ने आजाद नगर पुलिस स्टेशन में परवेज आलम के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला का बयान लिया। उसका मेडिकल भी करवाया। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। 

पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की
महिला का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी परवेज को पकड़कर थाना ले गई लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उसे छोड़ दिया। पीड़िता ने अब एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। बकायदा सिटी एसपी को लिखित आवेदन भी दिया है। महिला ने अपनी शिकायत में ये भी कहा कि पुलिस ने उसकी सहायता नहीं की। सिटी एसपी ने न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।