logo

गर्भवती महिला ने इलाज के अभाव में तोड़ा दम, स्वास्थ्य विभाग से कोई सुध लेने नहीं पहुंचा

7316news.jpg
द फॉलोअप टीम, लातेहार: 

गिरिडीह में एक गर्भवती महिला की इलाज के अभाव में मौत का मामला आप शायद नहीं भूले होंगे। ऐसी ही एक घटना लातेहार जिले से सामने आई है। जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की वजह से 24 वर्षीय गर्भवती महिला फूलमती देवी की मौत हो गयी। ये पूरा मामला लातेहार में सदर थाना क्षेत्र के लबरपुर गांव की है। 

पहले स्वास्थ्य उपकेंद्र लाई गयी थी फूलमती
जानकारी के मुताबिक शनिवार को फूलमती को प्रसव पीड़ा हुई। सहिया ने फूलमती को पोचरा पंचायत के उप स्वास्थ्य केंद्र हेठ पोचरा में सुबह सात बजे भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि फूलमती ने दिन के साढ़े ग्यारह बजे एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। हालांकि, बच्चे को जन्म देने के बाद फूलमती की हालत खराब होने लगी। बहुत ज्यादा खून बह जाने की वजह से उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी। आनन-फानन में प्रसूती को ममता वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद फूलमती को मृत घोषित कर दिया। 

स्वास्थ्य विभाग से कोई भी सुध लेने नहीं पहुंचा
फूलमती की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को नवजात बच्चे की चिंता सता रही है। स्थानीय लोगों की भीड़ फूलमती के घर के बाहर जमा हो गयी। ग्रामीणों की शिकायत है कि स्वास्थ्य विभाग का कोई भी नुमाइंदा परिजनों की सुध लेने नहीं पहुंचा। परिजनों ने बताया कि महिला का पति गांव में नहीं रहता। काम की तलाश में वो दूसरे प्रदेश गया है।