द फॉलोअप टीम, महोबा:
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से जातीय भेदभाव का मामला सामने आया है। सबसे अजीब बात ये है कि जातिगत भेदभाव झेलने वाला शख्स और कोई नहीं बल्कि ग्राम पंचायत की महिला प्रधान है। आरोप है कि ग्राम पंचायत की अनुसूचित जाति की महिला प्रधान सविता देवी को ऑनलाइन मीटिंग के दौरान कुर्सी से नीचे बैठने के लिए मजबूर किया गया। यही नहीं, आरोप है कि दंबगों ने प्रधान और उनके पति के खिलाफ जातिसूचक शब्दों औऱ गालियों का भी इस्तेमाल किया।
बीते 4 जून की है पूरी घटना
मिली जानकारी के मुताबिक ये पूरी घटना 4 जून की है। एसडीएम सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग इलाके के सभी ग्राम प्रधानों के साथ चल रही थी। मीटिंग ऑनलाइन चल रही थी। महिला प्रधान सविता देवी का आरोप है कि दंबगों ने उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। उनको कहा गया कि वे कुर्सी से नीचे बैठें। यही नहीं, गालियां भी दी गयी। महिला प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
यूपी के नथुपुरा गांव की घटना
गौरतलब है कि ये पूरा मामला महोबा शहर कोतवाली स्थित नथुपुरा गांव की है। यहां हालिया पंचायत चुनाव में अनुसूचित जाति की महिला उम्मीदवार सविता देवी प्रधान चुनी गयीं। स्थानीय लोगों ने उनको चुनाव और यही बात इलाके के कुछ दबंग लोगों को अच्छी नहीं लगी। मीडिया को दिए बयान में महिला प्रधान सविता देवी ने कहा कि मीटिंग के बीच मुख्य आरोपी ने आकर उनसे कहा कि मेरे द्वारा बताई गई बातें एसडीएम के सामने उठाओ। मैंने कहा कि मैं सारी बातें बोल चुकी है। इस पर उस लड़ने ने कहा कि दोबारा कहो। मैंने कहा कि बार-बार कहना अच्छी बात नहीं है। इसी बात पर उसने मुझे, मेरे पति और ननद को गालियां दी। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। बात मारपीट तक पहुंच गई। मुझे कुर्सी से नीचे बैठने को कहा।
कुर्सी से नीचे बैठने को किया मजबूर
सविता देवी ने कहा कि सबको संविधान ने बराबर का अधिकार दिया है फिर भी उनको कुर्सी से नीचे बैठने के लिए कहा गया। सविता का कहना है कि उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। एएसपी आरके गौतम ने कहा कि क्षेत्राधिकारी द्वारा इसकी जांच की जा रही है। 1 व्यक्ति को गिरफ्तरा किया गया है। बाकियों की तलाश की जा रही है।
जातिगत भेदभाव का पहला मामला नहीं
बता दें कि महोबा में जागिगत हिंसा अथवा भेदभाव का ये पहला मामला नहीं है। अभी कुछ ही दिन पहले यहां एक दलित युवक द्वारा शादी में घोड़े पर बैठने की इच्छा जताए जाने पर विवाद हो गया था। युवक चाहता था कि वो अपनी शादी में घोड़े पर बारात निकाले, जिसका गांव वालों ने विरोध किया। तब युवक ने पुलिस से सहायता मांगी थी। सोशल मीडिया में भी इस बात का जिक्र किया था। लड़के का नाम अलखराम है। पुलिस ने वादा किया है कि युवक को पूरी सुरक्षा दी जायेगी। वो जैसे चाहेगी वैसी ही बारात निकाली जायेगी। इस बीच भीम आर्मी ने भी शादी में शिरकत की बात कही है।
हर तरफ फैली है जातिगत हिंसा
जातिगत हिंसा अथवा भेदभाव का सामना देश के किसी एक हिस्से में नहीं करना पड़ता बल्कि इसका जाल हर तरफ फैला है। एक मामला तमिलनाडु का है जहां दलित महिला ग्राम प्रधान को ग्राम पंचायत कार्यालय में कुर्सी से नीचे बैठने को मजबूर किया गया था। मामला अक्टूबर 2020 का है। तमिलनाडु के कुड्डालोर जिला स्थित थेरकू थित्ताई गांव के ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत उपाध्यक्ष और वार्ड मेंबर पर ग्राम पंचायत की दलित महिला अध्यक्ष को नीचे जमीन पर बैठने के लिए मजबूर करने का आरोप लगा था। एक तस्वीर भी वायरल हुई थी जिसमें ग्राम प्रधान को नीचे बैठे देखा जा सकता था। महिला प्रधान का नाम राजेश्वरी सरवणकुमार था।
क्या कहता है राष्ट्रीय क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो
भारत में जातिगत हिंसा और भेदभाव ने गहरी जड़ें जमा रखी है। राष्ट्रीय क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के मुताबिक अनुसूचित जातियों के खिलाफ अपराध के मामलों में साल 2019 में 7.3 फीसदी की वृद्धि देखी गई थी। 2018 में जहां दलितों के खिलाफ हिंसा या भेदभाव का 42 हजार 793 मामला दर्ज किया गया था वहीं 2019 में 45 हजार 935 मामला दर्ज किया गया। इनमें सामान्य मारपीट के 13 हजार 273 मामले थे। अनुसूचित जाति और जनजाति (अत्याचार निवारण कानून) के तहत 4 हजार 129 मामले थे। दलित महिलाओं के साथ बलात्कार के 3 हजार 486 मामला दर्ज किया गया था।