द फॉलोअप डेस्क:
हर मज़हबी मुसलमान ज़िन्दगी में एक बार मक्का जाकर हज करना और मदीने में गुम्बद-ख़िज़्रा (पैगम्बर हज़रत मोहम्मद की मज़ार शरीफ़) के ज़ियारत की उसकी हसरत रहती है। यह दोनों शहर सऊदी अरब में हैं। मुल्क खुद को इस्लामी हुकूमत कहता है। इस हुकूमत ने मस्जिदों के लाउड स्पीकर की आवाज़ को नियंत्रित करने का आदेश दिया है। जिसका एक ओर स्वागत हुआ तो वहीं सोशल मीडिया पर इसके ख़िलाफ़ हैश टैग भी जारी है। लोग कह रहे हैं कि रेस्तरां, कैफ़े और बाज़ारों में बजने वाले तेज़ आवाज़ संगीत पर भी फिर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
केवल धर्मावलंबी को बुलाने के लिए इस्तेमाल
सऊदी अरब में इस्लामिक मामलों के मंत्री डॉक्टर अब्दुल लतीफ़ बिन अब्दुल्ला अज़ीज़ अल-शेख ने अपने आदेश में लिखा है कि मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर का प्रयोग सिर्फ़ धर्मावलंबियों को नमाज़ के लिए बुलाने (अज़ान) के लिए हो। स्पीकर की अधिकतम आवाज़ एक तिहाई से ज़्यादा ना हो। इस आदेश को ना मानने वालों के ख़िलाफ़ प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लाउड स्पीकर से बच्चों की नींद में खलल
लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि लाउडस्पीकर की तेज़ आवाज़ से बच्चों की नींद ख़राब होती है। बुजुर्ग और मरीजों को तेज आवाज से परेशानी होती है। सरकार ने आदेश के पक्ष में हदीस और शरियत की दलील भी दी है। नमाज़ी लाउड स्पीकर की आवाज़ का इंतज़ार नहीं करते: सऊदी मंत्री
धार्मिक नेता ने फतवा जारी किया था
इस संबंध में पहले एक वरिष्ठ धार्मिक नेता मोहम्मद बिन सालेह ने एक फ़तवा भी जारी किया हुआ था। डॉक्टर अब्दुल लतीफ़ बिन अब्दुल्ला अज़ीज़ अल-शेख का कहना है कि जिन लोगों को नमाज़ पढ़नी है, वो वैसे भी अज़ान (लाउड स्पीकर की आवाज़) का इंतज़ार नहीं करते।