logo

झारखंड में सरकार गिराने की साजिश मामले में पुलिस ने केस डायरी जमा करने के लिए कोर्ट से मांगा समय! 

11905news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 


झारखंड में सरकार गिराने की साजिश मामले में आगे क्या होगा इस पर सबकी निगाहें टिकी है। इधर मंगलवार को रांची एसीबी की विशेष कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान जांच कर रहे आईओ के द्वारा टाइम पिटीशन दायर  किया गया। आईओ ने कोर्ट से आग्रह किया कि केस डायरी जमा करने के लिए थोड़ा और वक्त दिया जाए। क्योंकि पिछले दिनों लॉ एन्ड ऑर्डर के कार्य में व्यस्त रहने के कारण केस डायरी दाखिल करने में असमर्थ रहे। पूर्व में कोर्ट ने जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए इस मामले की केस डायरी तलब की है। अभियुक्त निवारण प्रसाद महतो और अमित सिंह के अलावा अभिषेक दुबे ने भी अपनी जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। 


रांची के कोतवाली थाना में हुआ था मामला दर्ज 
आपको बता दें कि बेरमो से कांग्रेस विधायक अनूप सिंह की शिकायत पर रांची में होटल ली लैक में छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 419,420 124a,120 b, 34 और PR एक्ट की धारा 171 के साथ पीसी एक्ट की धारा 8/9 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।  


निवारण महतो और अमित सिंह के परिजनों ने उठाया था सवाल 
बोकारो के रहने वाले निवारण महतो और अमित सिंह की गिरफ़्तारी के बाद दोनों के परिजनों ने पुलिस पर सवाल उठाया था. परिजनों ने कहा था कि एक फल बेचने का काम करता है जबकि दूसरा ठेका मजदूरी का काम करता है। पुलिस ने दोनों की संलिप्तता की बात कही थी बाद में दोनों का कन्फेशन बयान भी मीडिया में सामने आया था। 

 

पुलिस दिल्ली गई थी जांच करने 
सरकार गिराने की साजिश मामले की जाँच के लिए 4 अलग-अलग टीम बनाई गई थी। जिसमें से एक टीम दिल्ली भी रवाना हुई थी। दिल्ली पहुंची टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी उसके बाद यह जानकारी निकलकर सामने आई थी कि सीसीटीवी में कांग्रेस के विधायक बीजेपी के नेता से मिलते हुए दिख रहे हैं। जिसके बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई थी।