द फॉलोअप टीम, जयपुर:
सोशल मीडिया पर आये दिन कोई ना कोई वीडियो या फोटो वायरल होता रहता है। इनमें से कई वीडियो और फोटो वैसे होते हैं जिनका इस्तेमाल सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए किया जाता है। कहीं के वीडियो और फोटो को कहीं का बताकर उनका गलत इस्तेमाल किया जाता है। ताजा मामला राजस्थान का है जहां से एक पोस्ट खूब वायरल किया जा रहा था। इसमें कहा जा रहा है कि अजमल खान नाम के एक मुस्लिम युवक ने एक हिंदू लड़की को मौत के घाट उतार दिया
।
सोशल मीडिया में फैलाई गई भ्रामक कहानी
इसमें एक कहानी भी पेश की जा रही है जिसमें कहा जा रहा कि मुस्लिम लड़के को हिंदू लड़की पसंद आई और वो उसके घर रिश्ता लेकर गया लेकिन घर वाले नहीं माने। इस बात से नाराज अजमल खान अगले दिन उस हिंदू परिवार के घर हथियार लेकर गया और घर के सभी सदस्यों को जान से मार डाला। ये दावा और ये खबर बिलकुल झूठा है।
पारिवारिक कलह को दिया सांप्रदायिक रंग
इस मामले में जो वीडियो शेयर हो रहे है उसमे खून में लथपथ बच्चे और महिला जमीन पर गिरे हैं। वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। इस मामले में संप्रदायिक रंग का कोई एंगल नहीं है। दरअसल, अजीत चीता नाम का एक युवक आर्थिक संकट के परेशान था इसलिए उसने चाकू से ताबड़तोड़ पत्नी और दो बेटियों पर जानलेवा हमला किया। हमले में शख्स की 7 और 5 साल की दोनों बेटियों की मौत हो गई। वहीं पत्नी अस्पताल में भर्ती है। साफ है कि वायरल पोस्ट भ्रामक है जिसे गलत तरीके से सांप्रदायिक रंग दिया गया। लोगों को इन भ्रामक पोस्ट से बचना चाहिए।