द फॉलोअप टीम, रांची:
दलीय आधार पर होने वाले ओडिशा पंचायत चुनाव के लिए आजसू पार्टी तैयारियों में जुट गयी है। इसी क्रम में आज भारतीय मित्र पार्टी, ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष मिलन चंद्र महतो के नेतृत्व में पूरी ओडिशा इकाई आजसू में मर्ज हो गयी। इसके साथ ही ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला के कई दिग्गज नेताओं ने वर्चुअल माध्यम से आजसू का दामन थामा।आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने सभी का पार्टी में स्वागत किया। सभी का परिचय, स्वागत एवं कार्यक्रम का संचालन आजसू पार्टी बुद्धिजीवी मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष मुकुंद चंद्र मेहता ने की।
सुंदरगढ़ जिला के कई दिग्गज नेताओं ने थामा आजसू का दामन
सुंदरगढ़ जिला के लहसिनपारा से मिलन चंद्र महतो, बिसरा से ध्रुव चंद्र महतो एवं श्रीमती निशामनी महतो, तोआँगर पाली से मणि दयाल खलखो, लहसिंपारा से निरंजन होरो, ब्रह्मणितरंग राउरकेला से रामाकांत बेहरा, रवि सिंह, क्योंझर से कुशेश्वर महतो सहित सैकड़ों नेताओं एवं भारतीय मित्र पार्टी के सभी पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता ने आजसू का दामन थामा। आजसू पार्टी में शामिल होते हुए मिलन चंद्र महतो ने कहा कि आजसू पार्टी के नीति-सिद्धांतों तथा केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के कुशल नेतृत्व तथा कार्यक्षमता से प्रभावित होकर उन्होंने ओडिशा इकाई को मर्ज करने का निर्णय लिया।
जनमत संग्रह करेगी आजसू: देवशरण भगत
आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि संघर्षशील एवं लोकप्रिय नेताओं एवं उनके हज़ारों समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से सामाजिक न्याय आंदोलन को और बल मिलेगा। कहा कि मयूरभंज, क्योंझर, सुंदरगढ़ और जाजपुर जिला में पिछड़ों की आबादी भी बहुत बड़ी है, लेकिन उनकी सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। झारखंड आंदोलन में इस क्षेत्र के लोगों की भूमिका अतुल्य रही है। आजसू पार्टी वृहत झारखंड एवं झारखण्डी मानसिकता वाले इन क्षेत्रों की जनता को वैचारिक रुप से एकजुट करते हुए, जनमत संग्रह करेगी।