द फॉलोअप टीम, चंडीगढ़:
फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर महान धावक मिल्खा सिंह का निधन हो गया। मिल्खा सिंह ने शुक्रवार देर रात चंडीगढ़ के पीजीआई हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। मिली जानकारी के मुताबिक पोस्ट कोविड समस्याओं के चलते मिल्खा सिंह का निधन हो गया। मिल्खा सिंह बीते महीने कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। गौरतलब है कि इसी सप्ताह मिल्खा सिंह की पत्नी का भी स्वर्गवास कोरोना की वजह से हो गया था।
मिल्खा सिंह ने चंडीगढ़ में ली अंतिम सांस
मिल्खा सिंह को पोस्ट कोविड समस्याओं को चलते बीते 3 जून को चंडीगढ़ के पीजीआई हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। इससे पहले उनका घर पर इलाज किया जा रहा था। ऑक्सीजन लेवल में लगातार आ रही गिरावट की वजह से उनको हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। इसी बुधवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। हालांकि उनको पोस्ट कोविड समस्याएं थीं।
पोस्ट कोविड जटिलताओं की वजह से निधन
कोरोना निगेटिव होने के बाद मिल्खा सिंह को कोविड आईसीयू से सामान्य आईसीयू में रेफर कर दिया गया था। हालांकि पोस्ट कोविड समस्याओं के चलते उनको सांस लेने में तकलीफ थी। कहा जाता है कि उनको लगातार तेज बुखार भी थी। पीजीआई हॉस्पिटल ने जारी आधिकारिक बयान में कहा था कि शुक्रवार को सुबह उनकी हालत खराब हो गई थी। उनका ऑक्सीजन लेवल गिरता जा रहा था। इससे पहले मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर का निधन 13 जून को मोहाली में हो गया था। निर्मल कौर भारतीय महिला बॉलीबॉल टीम की कप्तान रह चुकी थीं।
पीएम मोदी ने मिल्खा सिंह के निधन पर दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिल्खा सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने लिखा कि हमने एक महान खिलाड़ी को खो दिया। उन्होंने देश की कल्पना को नई उड़ान दी थी। उन्होंने असंख्य भारतीयों के दिल में विशेष स्थान बना लिया था। अपने प्रेरक व्यक्तित्व की वजह से वे लाखों लोगों के प्रिय थे। उनके निधन से मैं आहत हूं। पीएम मोदी ने कहा कि अभी हाल में मैंने उनका हालचाल जानने के लिए उनसे बातचीत की थी। मुझे अंदाजा नहीं था कि वो हमारी आखिरी बातचीत होगी। पीएम मोदी ने कहा कि नवोदित खिलाड़ी उनकी जीवन यात्रा से प्रेरणा लेंगे।