द फॉलोअप टीम, गढ़वाः
गढ़वा में बीमा एजेंट का काम करने वाली एक महिला का पति बीमा धारकों के 3 करोड़ लेकर फरार हो गया है। बीमा एजेंट का नाम सुधा वर्मा है। ठगी के शिकार हुए लोगों ने पुलिस के पास लिखित शिकायत की है। सुधा वर्मा के कोड पर उसका पति रविशंकर वर्मा लोगों से पैसे लेता था। ग्राहकों का आरोप है कि रविशंकर को वह विश्वास पर पैसे दिया करते थे लेकिन उसने पैसे जमा नहीं करवाए। ग्राहक जब भी उससे रसीद मांगते थे तो वह टाल देता था।

रसीद नहीं देता था एजेंट
रविशंकर ने विभिन्न दुकानदार, दवा व्यवसायियों से ठगी की है। ग्राहक उसके नंबर पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फोन ऑफ जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह जिला मुख्यालय में किराये के मकान में रहता था। 19 दिसंबर को उसने अपना मकान खाली कर दिया है। ग्रहकों का कहना है कि रविशंकर उनसे किस्त लेता था। उसके बदले में कभी भी रसीद नहीं देता था। करीब चार-पांच साल तक वह किस्त भरते रहे।

व्यवसायियों के पैसे लेकर फरार
केसरी ड्रग्स के प्रोपराइटर विवेक कुमार केसरी ने बताया कि जब से पता चला है कि एजेंट फरार हो गया है तब से तबीयत ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि उसका करीब पांच लाख रुपये लेकर वह फरार हो गया है। धर अभिषेक मेडिकल एजेंसी के वेंकटेश नारायण ने बताया किउनका 4.85 लाख रुपये डूब गया है। वहीं मां अंबे फॉर्मा के प्रोपराइटर संतोष गुप्ता ने बताया कि उनका 10.69 लाख रुपये लेकर एजेंट फरार हो गया है।