logo

Jammu-Kashmir: बडगाम में मारा गया 1 आतंकी, दूसरा गिरफ्तार! हथियारों का जखीरा मिला

Jammu-Kashmir: बडगाम में मारा गया 1 आतंकी, दूसरा गिरफ्तार! हथियारों का जखीरा मिला

द फॉलोअप टीम, श्रीनगर: 

जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र के एक आतंकवादी को मार गिराया है। मारे गए आतंकी की पहचान शाकिर बशीर डार के रूप में की गई है। शाकिर जम्मू कश्मीर के अवंतीपोरा जिला स्थित गोरीपोरा का रहने वाला था। पुलिस को कई मामलों में उसकी तलाश थी। जम्मू कश्मीर पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। 

एक आतंकी को किया गया गिरफ्तार
जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक आतंकी को मार गिराया वहीं एक अन्य आतंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आतंकी की पहचान शब्बीर अहमद नजर के रूप में की गई है। शब्बीर पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का अहम सदस्य है। वो एक हथियार लदे ट्रक को लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक को भी हिरासत में लिया है। ट्रक चालक की पहचान मोहम्मद शफी डार के रूप में की गई है। ट्रक भी जब्त कर लिया गया है। 

आतंकी घेराबंदी तोड़ भाग निकला था
मुठभेड़ के बारे में जानकारी देते हुए जम्मू कश्मीर पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जब ऑपरेशन चल रहा था। तभी हमें पता चला कि एक आतंकी घेराबंदी तोड़कर भाग निकला है। हमने तुरंत अवंतीपोरा पुलिस को इसकी सूचना दी। तलाशी अभियान चलाया गया। इस बीच फरार आतंकी का पता लगा लिया गया। वो ट्रक में छुपकर भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार आतंकी के पास से भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किया है। 

आतंकियों के पास से हथियार का जखीरा मिला
जम्मू कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी है कि उन्होंने गिरफ्तार आतंकी के पास से 1 पिस्टल मैगजीन, 7 पिस्टल राउंड, 2 एके-47 मैगजीन, 50 एके-57 मैगजीन, 1 चीनी ग्रेनेड, 5 किलोग्राम आइईडी (जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया) जब्त किया। पुलिस ने बताया कि इलाके में चार से पांच की संख्या में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। एक आतंकी को मार गिराया गया। एक को गिरफ्तार किया गया। बाकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।