द फॉलोअप, जमशेदपुर
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में रविवार दोपहर एक वेल्डिंग का काम कर रहे युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अज्ञात हमलावर ने पीछे से स्टील की रॉड से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। जानकारी के अनुसार, मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी निवासी करीब 30 वर्षीय मोहम्मद मुमताज उर्फ आशिक रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने कार्यस्थल पर वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक पीछे से आया और स्टील की रॉड से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मुमताज मौके पर ही गिर पड़े।

सिर में गहरी चोट लगने से हालत गंभीर
घटना के बाद सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए आईसीयू में भर्ती किया है। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गहरी चोट लगने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इधर, घायल के भाई मोहम्मद फैयाज ने बताया कि मुमताज की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, जिससे परिवार घटना को लेकर स्तब्ध है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही आरोपी की पहचान हो पायी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावर की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
