द फॉलोअप टीम, मुंबई:
बीते दिनों गीतकार और फिल्म लेखक जावेद अख्तर ने आरएसएस की तुलना तालिबान से की थी। इस तुलना के बाद वह फंसते दिख रहे हैं। जावेद अख्तर पर बीजेपी ने हमला बोला है। बीजेपी नेता राम कदम ने जावेद अख्तर से माफी की मांगने को कहा है। उन्होंने कहा कि जब तक वह माफी नहीं मांगते हैं तब तक उनकी फ़िल्में चलने नहीं देंगे। दरअसल हाल ही में एक इंटरव्यू में जावेद अख्तर ने कहा था कि तालिबान बर्बर है, उसकी हरकतें निंदनीय हैं, लेकिन आरएसएस, विहिप और बजरंग दल का समर्थन करने वाले सभी एक जैसे हैं।

बीजेपी को पसंद नहीं आया बयान
बीजेपी नेता को जावेद अख्तर का यह बयान पसंद नहीं आया, बीजेपी नेता ने कहा कि यदि आरएसएस तालिबान होता तो जावेद अख्तर को इस तरह के बयान देने की अनुमति नहीं होती। बीजेपी विधायक और प्रवक्ता राम कदम ने कहा, ''आरएसएस से जुड़े राजनेता सरकार में मामलों के शीर्ष पर हैं। ये नेता राज धर्म का पालन करते हुए देश चला रहे हैं, अगर वे तालिबान की तरह होते तो क्या अख्तर को ऐसा बयान देने की अनुमति दी जाती? यह एक सादृश्य साबित करता है कि उनके बयान गलत हैं लेकिन इस तरह की टिप्पणी करके उन्होंने देश में गरीब लोगों के लिए काम करने वाले आरएसएस कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। अगर वह उनसे माफी नहीं मांगते हैं तो हम उनकी फिल्मों को इस देश में नहीं चलने देंगे। ''