logo

Tokyo Paralympics 2020: टोक्यो पैरालंपिक 2020 का आगाज! देवेंद्र झाझरिया और मरियप्पण थंगावेलू से पदक की उम्मीद

Tokyo Paralympics 2020: टोक्यो पैरालंपिक 2020 का आगाज! देवेंद्र झाझरिया और मरियप्पण थंगावेलू से पदक की उम्मीद

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

टोक्यो ओलंपिक्स 2020 का समापन हो चुका है। वक्त है टोक्यो पैरालंपिक 2020 का। टोक्यो पैरालंपिक 2020 का आगाज 24 अगस्त, मंगलवार से होने जा रहा है। पहले भारतीय दल का ध्वजवाहक ऊंची कूद के खिलाड़ी मरियप्पण थंगावेलू को बनाया गया था लेकिन वे जिस फ्लाइट में सफर कर रहे थे, उनके पास बैठा व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाया गया। मरियप्पण को आइसोलेट किया गया है। अब जेवलीन थ्रोअर टेकचंद को भारतीय दल का ध्वजवाहक बनाया गया। 

4500 खिलाड़ी पैरालंपिक में लेंगे हिस्सा
गौरतलब है कि मंगलवार से टोक्यो पैरालंपिक खेलों की शुरुआत हो रही है। इस बार इसमें 163 देशों के 4500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 22 खेलों की 540 स्पर्धाओं का आयोजन किया जायेगा। भारतीय पैरालंपिक समिति ने 54 खिलाड़ियों का दल भेजा है। पैरालंपिक समिति के अधिकारियों को कम से कम 10 पदक की उम्मीद है। भारतीय दल यहां 9 खेलों में हिस्सा लेगा। गौरतलब है कि भारत ने रियो पैरालंपिक में 2 स्वर्ण सहित कुल 4 पदक जीते थे। भारत ने पैरालंपिक खेलों में पहली बार साल 1972 में हिस्सा लिया था। भारत इस स्पर्धा में अब तक कुल 24 पदक जीत चुका है। 

भारत को इन खिलाड़ियों से होगी उम्मीद
भारत को ऊंची कूद में मरियप्पण थंगावेलू से पदक की उम्मीद है। बैडमिंटन में प्रमोद भगत भारत के लिए स्वर्ण पदक ला सकते हैं। तीरंदाजी में भारत को राकेश कुमार, श्याम सुंदर, विवेक चिकारा और हरविंदर सिंह सहित ज्योति बालिया से उम्मीद होगी। शॉटपुट थ्रोइंग में दीपा मलिक से पदक की उम्मीद होगी। गोल्डन ब्वॉय देवेंद्र झाझरिया से भी भारतीय पैरालंपिक समिति को पदक की उम्मीद है। देवेंद्र 2016 रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता हैं।