logo

आदिवासी नृत्य महोत्सव: झारखंड के छऊ और करसा नृत्य ने जीता पहला पुरस्कार, पांच लाख रुपये मिले

आदिवासी नृत्य महोत्सव: झारखंड के छऊ और करसा नृत्य ने जीता पहला पुरस्कार, पांच लाख रुपये मिले

द फॉलोअप टीम, रायपुर: 

छत्तीसगढ़ में चल रहे आदिवासी नृत्य महोत्सव का समापन हो गया है। इस महोत्सव में झारखंड के नर्तक दलों ने पहला पुरस्कार जीता है। महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विजेताओं को पांच-पांच लाख रुपए की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। झारखंड के करसा नृत्य को भी पहला स्थान मिला है।

यह नृत्य विवाह के अवसर पर किए जाने वाले नृत्य की श्रेणी में आता है। इस नृत्य में दूसरा पुरस्कार ओडिशा के धप नृत्य को मिला। तीसरा पुरस्कार असम के कारबी तिवा नर्तक दल को मिला। वहीं पारंपरिक त्योहारों में किए जाने वाले नृत्य की श्रेणी में झारखंड के छऊ को पहला स्थान मिला। दूसरे स्थान पर रहीं टीमों को तीन-तीन लाख रुपए और तीसरे स्थान पर रहीं टीमों को दो-दो लाख रुपए का चेक दिया गया।

कला समाज को नया आकार देता है
महोत्सव के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आदिवासी संस्कृति, आदि दर्शन है। इसके साथ ही हमें आगे बढ़ना होगा। आदिवासी संस्कृति के बिना हमारा अस्तित्व अधूरा है। गीत-संगीत के जरिए एक नया समाज बनता है। मुख्यमंत्री ने कहा, हम सबने जनजातीय समाज की विविधता को देखा। यह महसूस किया कि इनकी विविधता में भी कितनी समानता है। कलाओं में एकरूपता है, क्योंकि यह प्रकृति से प्रेरणा लेते हैं।

भक्त चरण दास रहे मौजूद
समापन समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्तचरण दास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ के विकास और यहां के लोगों की खुशहाली के लिए असंभव कार्यों को भी इस सरकार ने संभव कर दिखाया है। उन्होने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए जा रहे अच्छे प्रयासों की भी सराहना की। मौके पर संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, आदिमजाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया समेत तमाम मंत्री मौजूद रहे।