logo

जेएमएम के निशाने पर टाटा स्टील, 17 को 12 घंटे गेट करेंगे जाम... पूरे कोल्हान में होगा उग्र प्रदर्शन

14847news.jpg

द फॉलोप टीम, जमशेदपुर:
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने टाटा कंपनी के फैसले के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। पार्टी ने कहा कि फिर से उलगुलान की जरूरत पड़ी है, तो हम किसी भी कारण से पीछे नहीं हटेंगे। पार्टी ने टाटा घराने के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का पूरा मन बना लिया है। जेएमएम टाटा घराने के खिलाफ पूरे कोल्हान में 17 नवंबर को 12 घंटे प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक होगा। इस दौरान जमशेदपुर में टाटा स्टील का गेट जाम भी किया जायेगा। टाटा घराने का जहां-जहां प्रतिष्ठान है वहां गेट जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा। यह निर्णय गुरुवार को कोल्हान प्रमंडल के सभी विधायकों, तीनों जिलों के सांगठनिक पदाधिकारियों की कदमा उलियान में हुई बैठक में लिया गया।


काम यहां और कार्यालय महाराष्ट्र में नहीं होगा सहन
मीडिया से बात करते हुए विधायक दीपक बिरूआ ने कहा कि टाटा घराना अपनी दो महत्वपूर्ण कंपनियों टाटा मोटर्स और टाटा कमिंस का कार्यालय जमशेदपुर से शिफ्ट कर महाराष्ट्र के पुणे ले जा रहा है। ऐसा होने से दोनों कंपनियों का न्यायिक क्षेत्र बदल जाएगा। यहां के लोग महाराष्ट्र सरकार के नियमों के अधीन हो जाएंगे। इसे झामुमो कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। टाटा घराने का आज पूरे विश्व में नाम जमशेदपुर के कारण है। कंपनी यहां की जमीन, मिनरल्स, माइंस, मजदूर आदि का इस्तेमाल करती है फिर कार्यालय दूसरे राज्य में ले जाने का क्या तुक है। 

 

वादा से ना मुकरे टाटा 
दीपक बिरूआ ने कहा कि दोनों कंपनियों का मुख्यालय झारखंड में रहना चाहिए। इसके लिए पार्टी को जिस स्तर पर जाकर आंदोलन करना पड़ेगा करेगी। साथ ही कहा कि टाटा घराने ने अपने स्थापना के समय जो वादा किया था, उसे पूरा करती आई है, लेकिन अब वह धीरे-धीरे अपने कर्तव्यों से मुकरने लगी है। दोनों कंपनियों का मुख्यालय शिफ्ट किया जाना भी उसी का हिस्सा है।


स्थानीय को प्राथमिकता तय होते ही टाटा का बदला तेवर
घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने कहा कि टाटा कंपनी को यहां के मजदूरों ने सींचा है। इससे आज इसकी देश-विदेश में पहचान है। हाल में झारखंड सरकार ने निजी कंपनियों में स्थानीय लोगों को रोजगार में आरक्षण और भागीदारी तय करने से कंपनी ने अपने तेवर बदले हैं। इससे यह साफ होता है कि कंपनी स्थानीय लोगों के हितों को दरकिनार करना चाहती है। लेकिन झामुमो ऐसा होने नहीं देगा। इसके लिए जो भी कदम उठाने पड़ेंगे पार्टी उठाएगी।