logo

खिलाडियों के पास नहीं था दिल्ली जाने का पैसा, जीतकर ले आये गोल्ड सहित 8 पदक

14035news.jpg

द फ़ॉलोअप टीम, डेस्क:
नेशनल ओपन ग्रैपलिंग कुश्ती चैंपियनशिप में झारखंड टीम में शामिल सरायकेला के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण सहित आठ मेडल जीते। यह मैच नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम  में खेला जा रहा था। खिलाड़ियों की जीत से पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। आपको बता दें कि इन खिलाड़ियों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि इनके पास दिल्ली जाने तक के पैसे नहीं थे। प्रशासन स्तर से जब कोई सहायता नहीं मिली तो लोगों के मदद से इन्होंने दिल्ली जाने का बंदोबस्त किया। इतनी मुश्किलों के बावजूद इन बच्चों ने झारखंड के लिए मेडल जीता। पदक विजेता सभी खिलाड़ी चांडिल अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड के हैं। 

सुचांद महतो ने दिलाया गोल्ड 
कुकडू प्रखंड के कूदा गांव निवासी सुचांद महतो ने 35 किग्रा वेट वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर अपने साथ साथ झारखंड का भी नाम रोशन किया। वहीं कूदा के ही रहने वाले अमित महतो और नीलम महतो (डाटम, कुकड़ू) को रजत पदक, दीपक कुमार महतो (कूदा, कुकड़ू), सुभाष महतो (कूदा, कुकड़ू), राहुल महतो (तिरुलडीह, कुकड़ू), मो हाशिम हुसैन (तिरुलडीह, कुकड़ू), विश्वजीत महतो (कूदा, कुकड़ू) को कांस्य पदक मिला। जमशेदपुर के मनराज सिंह को रजत और सैफ अंसारी को कांस्य पदक मिला है और गढ़वा के कार्तिक कुमार को कांस्य पदक मिला।

बालू में करते थे प्रैक्टिस 
नेशनल ओपन ग्रैपलिंग कुश्ती चैंपियनशिप में चयनित होने के बाद भी खिलाड़िओं को प्रशासन या सरकार की और से कोई सुविधा नहीं मिली। खिलाड़ियों को बालू के अखाड़े में ग्रैपलिंग-कुश्ती का अभ्यास करना पड़ता था। खिलाड़िओं के मेहनत को देखते हुए जिला महासचिव दिलीप कुमार गुप्ता, कूदा स्कूल के हेडमास्टर लक्ष्मण महतो ने उनके रहने और खाने की व्यवस्था की। खिलाड़ियों को झारखंड ग्रैपलिंग के टेक्निकल डायरेक्टर संतोष कुमार चौबे ने जमशेदपुर से जाकर ट्रेनिंग दी।

बच्चों में काफी उत्साह है: संतोष चौबे
कूदा उत्क्रमित विद्यालय के बच्चों की ग्रैपलिंग कुश्ती में दिलचस्पी काफी अधिक थी। यही देख टेक्निकल ग्रैपलिंग कुश्ती के हेड संतोष चौबे जमशेदपुर से कूदा जाकर उन्हें बेसिक ट्रेनिंग दी। यहां के खिलाड़ियों पर विशेष रूप से ध्यान दिया। 35 दिनों के कैंप में प्रशिक्षित किया। इसी का परिणाम आज दिख रहा है।