logo

UP ELECTION: सियासी दलों पर अब जिन्ना का जिन्न सवार, चल पड़ी तकरार 

UP ELECTION: सियासी दलों पर अब जिन्ना का जिन्न सवार, चल पड़ी तकरार 

सुसंस्कृति परिहार, भोपाल:

भाजपा जो अब तक नेहरू के जिन्न के सहारे अपने प्रचार में लगी थी उसी तरह आज समाजवादी पार्टी के नेता उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी जिन्ना के जिन्न को इस उम्मीद में अपने भाषण में लाए कि शायद मुस्लिमों में हो रही टूट में फायदेमंद रहेंगे। उनकी बात में गलत कुछ नहीं था पर जिन्ना नाम ही भाजपा को खटक गया और अखिलेश का पांसा लगता है उल्टा ही पड़ गया। भाजपा को एक और जिन्न मिल गया जिसकी बात कर वे हिंदू वोट को और पुख्ता करने के इंतजाम में जुट गए हैं। दरअसल, हरदोई में रविवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कहते हैं अखिलेश ने जिन्ना की तुलना सरदार पटेल से कर दी थी। अखिलेश ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और मोहम्मद अली जिन्ना ने एक ही संस्थान से पढ़ाई की और बैरिस्टर बने और उन्होंने आजादी दिलाई। अखिलेश ने आगे कहा कि उन्हें आजादी के लिए किसी भी तरीके से संघर्ष करना पड़ा होगा तो पीछे नहीं हटे। बस, बिल्ली के भाग्य से छींका टूट गया और भाजपाई पिल पड़े अखिलेश यादव पर।

सीएम योगी ने अखिलेश यादव के बयान को शर्मनाक बताया है। अखिलेश ने कहा कि पिछली सरकार में बैठे लोग समाज को बांटने में लगे रहते थे।उनकी विभाजन की प्रवृति अभी तक नहीं गई है। योगी ने कहा कि अखिलेश यादव इस राष्ट्र को जोड़ने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल की तुलना जिन्ना से कर रहे थे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान अत्यंत शर्मनाक है। सरदार वल्लभ भाई पटेल भारत की एकता और अखंडता के शिल्पी हैं। योगी ने ये भी कहा कि सपा प्रमुख को अपने इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए। डिप्टी सीएम ने तंज कसते हुए कहा, "अखिलेश अली जिन्ना को देश से माफी मांगनी चाहिए। अखिलेश ने भारत रत्न सरदार पटेल की तुलना जिन्ना से कर हिंदुओं का अपमान किया है। "इसी तरह की बातें स्वतंत्र देव सिंह और मोहसिन रज़ा ने भी कहीं। जबकि बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी अखिलेश पर तीखा प्रहार किया है। मायावती ने अखिलेश के बयान को सपा-भाजपा की मिलीभगत बताया है।

 

ध्यान रहे भारतीय राजनीति में जिन्ना का उदय 1916 में कांग्रेस के एक नेता के रूप में हुआ था, जिन्होने हिन्दू-मुस्लिम एकता पर जोर देते हुए मुस्लिम लीग के साथ लखनऊ समझौता करवाया था। वे अखिल भारतीय होम रूल लीग के प्रमुख नेताओं में गिने जाते रहे। मुसलमानों के प्रति कांग्रेस के उदासीन रवैये को देखते हुए जिन्ना ने कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने देश में मुसलमानों के अधिकारों की रक्षा और स्वशासन के लिए 14 सूत्रीय संवैधानिक सुधार का प्रस्ताव रखा। कहा जाता है ‌‌‌‌कि इस विचार का केंद्र अंग्रेज थे जिनके वे करीब थे। फलत: लाहौर प्रस्ताव के तहत उन्होंने मुसलमानों के लिए एक अलग राष्ट्र का लक्ष्य निर्धारित किया। 1946 में ज्यादातर मुस्लिम सीटों पर मुस्लिम लीग की जीत हुई और जिन्ना ने पाकिस्तान की आजादी के लिए त्वरित कार्यवाही का अभियान शुरू किया। कांग्रेस की कड़ी प्रतिक्रिया के कारण भारत में व्यापक पैमाने पर हिंसा हुई। मुस्लिम लीग और कांग्रेस पार्टी, गठबन्धन की सरकार बनाने में असफल रहे, इसलिए अंग्रेजों ने भारत विभाजन को मंजूरी दे दी। 

ये बात सही नहीं है कि जिन्ना हमेशा से एक धर्म आधारित अलग राष्ट्र चाहते थे। दरअसल, एक मुस्लिम राष्ट्र की मांग जिन्ना से पहले दूसरे लोग कर चुके थे और जिन्ना ने इसका समर्थन बहुत देर से किया था। दूसरी तरफ धर्म के आधार पर दो अलग राष्ट्र की मांग हिन्दू चिंतकों की ओर से 1925 से ही हो रही थी। जिन्ना न सिर्फ सेक्युलर थे बल्कि पाकिस्तान को भी उन्होंने सेक्युलर मुल्क बनाने की कोशिश की थी। एक नास्तिक जिन्ना, सुअर खाने वाला और शराब पीने वाला जिन्ना साम्प्रदायिक जिन्ना कैसे बना, ये सवाल सिर्फ एक व्यक्ति के पड़ताल के नहीं बल्कि आज़ादी की लड़ाई के धार्मिक आंदोलन में बदलने की भी पड़ताल है।

 

 

कौन नहीं जानता कि आजादी से पहिले के स्वतंत्रता संग्राम में जिन्ना भी पहिले कांग्रेस के और बाद में मुस्लिम लीग के बड़े नेताओं में रहे हैं जिनकी मजार पर भाजपा के महान नेता मंदिर वहीं बनाएंगे की अलख जगाने वाले अडवाणी जी ने न सिर्फ जिन्ना की मजार पर चादर चढ़ाई बल्कि उन्हें धर्म निरपेक्ष भी बताया था।उसी दौरान जिन्ना पर लिखी किसी पुस्तक की चर्चा भी आई गई हो गई जिसमें कहा गया था कि जिन्ना अपने अंतकाल में भारत-पाक विभाजन से बहुत दुखी रहे। अटल जी तब प्रधानमंत्री थे। पाकिस्तान से विरोध के नाम पर हमें वहाँ की जनता और स्वर्गीय नेताओं का विरोध नहीं करना चाहिए। याद रखें वे आज भी भगत सिंह को आज़ादी के लिए शिद्दत से याद करते हैं तो हम जिन्ना को कैसे भूल सकते हैं। इतिहास जिसकी गवाही देता है।

याद रखना होगा कि लगभग इसी त्रासदी से सारे जहां से अच्छा हिंदोस्ता हमारा के रचयिता अल्लामा इक़बाल को भी गुजरना पड़ा। वे पाकिस्तान चले ज़रूर गये पर उनका गीत आज भी भारत की शान के कसीदे पढ़ता हुआ इकबाल के अवदान को सहेजे हुए है। गांधी जी ने मोहम्मद अली जिन्ना को कायदे आज़म यूं ही नहीं कहा था। अंग्रेजों की कूटनीति के वे शिकार हुए। उन्होंने अंतिम समय जो प्राश्चियत किया है उसे याद रखना चाहिए। फिरकापरस्त ताकतों के कोई अटल सिद्धांत नहीं होते। वे बहुसंख्यक हिंदुओं को बरगलाने का काम लंबे अर्से से भारत में कर रहे हैं। यहां तक कि हिंदू मुस्लिम कर भारत के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को बदलने की जद्दोजहद बराबर जारी है। उम्मीद बांधती हैं इकबाल की ये पंक्तियां ईरान, मिस्र और रोमां सब मिट गए जहां से, कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी। इस कुछ बात को बचाने फ़िज़ूल तकरार से बचना होगा।

 

 

 

( सुसंस्कृति परिहार वरिष्ठ लेखिका हैं। संप्रति मध्यप्रदेश के दमोह में रहकर स्वतंत्र लेखन।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।