logo

Bengal Election Result: चुनाव जीते पर जिंदगी की जंग हार गये TMC नेता काजल सिन्हा, कोरोना संक्रमित थे

Bengal Election Result: चुनाव जीते पर जिंदगी की जंग हार गये TMC नेता काजल सिन्हा, कोरोना संक्रमित थे
द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 

पश्चिम बंगाल का खारडाह विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार काजल सिन्हा ने जीत दर्ज की। दुर्भाग्यपूर्ण बात ये है कि जीत का सर्टिफिकेट लेने के लिए वो मौजूद नहीं थे। मतगणना से पहले ही 25 अप्रैल को उनका निधन हो गया। काजल सिन्हा कोरोना संक्रमित थे। कोलकाता के बेलियाघाट आईडी हॉस्पिटल में काजन सिन्हा का इलाज किया जा रहा था। 21 अप्रैल को वे कोरोना पॉजिटिव पाए गये थे। 

कोरोना पॉजिटिव थे काजल सिन्हा
ये काफी दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। 21 अप्रैल को टीएमसी प्रत्याशी काजल सिन्हा कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनको कोलकाता के बेलियाघाट आईडी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। उनकी हालत बिगड़ती गयी औऱ 25 अप्रैल की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने काजल सिन्हा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। ममता बनर्जी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर काजल सिन्हा के निधन पर दुख जताया। 

ममता बनर्जी ने निधन पर जताया दुख
ममता बनर्जी ने ट्वीट में लिखा कि बहुत दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर!खारडाह से हमारी पार्टी के प्रत्याशी काजल सिन्हा का कोविड से निधन हो गया। उन्होंने लोगों की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया। वे टीएमसी के प्रतिबद्ध कार्यकर्ता थे। हमें उनकी याद आएगी। उनके परिवार और प्रशसंको के प्रति हमारी संवेदना। बता दें कि कोरोना संकट के बीच बंगाल चुनाव करवाया गया। 

निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्राथमिकी
तृणमूल कांग्रेस के दिवंगत विधायक काजल सिन्हा की पत्नी नंदिता सिन्हा ने खारडाह पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। नंदिता सिन्हा ने केंद्रीय निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करवाने की मांग की है।