logo

कर्नाटक में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, हालात का जायजा लेने सड़क पर उतरे सीएम बसवराज

15231news.jpg

द फॉलोअप टीम, बेंगलुरु: 

कर्नाटक में बीते कुछ दिनों से भारी बारिश की वजह से हालात खराब हैं। राज्य के कई शहर भीषण जलजमाव का सामना कर रहे हैं। आवागमन और विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। कई इलाकों में भीषण जलजमाव की वजह से लोग फंसे हैं। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई खुद सड़कों पर उतरे हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे हैं। 

मंगलवार को सड़क पर उतरे मुख्यमंत्री
इस बीच मंगलवार को तड़के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने केंद्रीय विहार अपार्टमेंट का दौरा किया। उन्होंने स्थिति का आकलन किया और अधिकारियों से जरूरी जानकारियां लीं। गौरतलब है कि यहां भारी बारिश की वजह से येलहंका झील ओवरफ्लो कर गई और बेंगलुरु में केंद्रीय विहार तथा आसपास के इलाकों में पानी भर गया। 

अधिकारियों से जानकारी लेते दिखे मुख्यमंत्री
सोशल मीडिया में प्रसारित हो रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई खुली जीप में सवार होकर सड़क पर घूम रहे हैं। उनके साथ अधिकारियों का हुजूम है। आम लोग भी अपनी-अपनी समस्या लेकर मुख्यमंत्री के पास आ रहे हैं। अधिकारी मानचित्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को हालात की जानकारी दे रहे हैं। 

लौटते मानसून की वजह से हालात बेकाबू
गौरतलब है कि बीते 2 महीने से दक्षिण भारतीय राज्यों में लौटते मानसून की वजह से भारी बारिश हो रही है। तेलांगना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुदुचेरी, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में जलजमाव और भूस्खलन की घटना सामने आई है। इन राज्यों में जानमाल की हानि की भी खबर है।