logo

इस्तीफा देते समय येदियुरप्पा को क्यों याद आए अटल बिहारी वाजपेयी, जानिए! रोते हुए क्या कहा

इस्तीफा देते समय येदियुरप्पा को क्यों याद आए अटल बिहारी वाजपेयी, जानिए! रोते हुए क्या कहा

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

कर्नाटक में बीते कई दिनों से जारी सियासी खींचतान का आज पटापेक्ष हो गया। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इस्तीफा दे दिया। येदियुरप्पा ने पहले इसकी घोषणा की और फिर राज्यपाल थावचंद्र गहलोत के निवास पर जाकर उनको इस्तीफा सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक राज्यपाल थावरचंद्र गहलोत ने येदियुरप्पा का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। खास बात ये है कि आज ही बतौर मुख्यमंत्री उन्होंने 2 साल का कार्यकाल पूरा किया था। 

बीएस येदियुरप्पा ने काफी भावुक स्पीच दी
इस्तीफे की घोषणा करते हुए बीएस येदियुरप्पा ने भावुक स्पीच दी। भाषण देते-देते वो रोने लगे। उन्होने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने मुझसे केंद्र में मंत्री बनने के लिए कहा था। लेकिन मैंने तब कहा था कि नहीं मैं तो कर्नाटक में ही रहूंगा। मेरी हमेशा से अग्निपरीक्षा रही है। पिछले 2 साल मैंने कोविड महामारी से लड़ते हुए गुजारे हैं। येदियुरप्पा ने अपने भाषण में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का शुक्रिया अदा किया। येदियुरप्पा ने कहा कि पिछले 2 साल राज्य की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने कर्नाटक के चीफ मिनिस्टर के पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं राज्य की जनता को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे सेवा का मौका दिया। आगामी सीएम को भी शुभकामनाएं। 

बीएस येदियुरप्पा ने कहा किसी का दबाव नहीं
बीएस येदियुरप्पा ने हालांकि कहा कि उनके ऊपर किसी प्रकार का दवाब नहीं है। उन्होंने अपनी मर्जी से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि किसी दूसरे मुख्यमंत्री को मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे आगामी चुनाव में दोबारा बीजेपी को प्रदेश की सत्ता में लाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने केंद्रीय नेतृत्व को किसी का भी नाम बतौर उत्तराधिकारी नहीं दिया है। उन्होने कहा कि आने वाले समय में जो भी कर्नाटक में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठेगा वो उन्हें अपना 100 फीसदी समर्थन देंगे।

 

विवादों से भरा रहा येदियुरप्पा का पूरा कार्यकाल
गौरतलब है कि येदियुरप्पा का पूरा कार्यकाल विवादों से भरा रहा। सबसे पहले तो जब उनको मुख्यमंत्री बनाया जा रहा था तो कई लोगों ने उनकी उम्र को लेकर सवाल खड़ा किया था। हालांकि बीजेपी आलाकमान ने इसे नजरअंदाज किया। साल 2020 में विधानसभा में फंड आवंटन को लेकर अंतरिम बैठक हुई थी। इसमें बीजेपी विधायकों से येदियुरप्पा का मतभेद हुआ। कैबिनेट विस्तार को लेकर भी कई बीजेपी नेता येदियुरप्पा से नाखुश थे। इसी साल जून महीने में बीजेपी विधायक बसनगौड़ा यत्नाल ने पंचामशाली लियांयतों के मुद्दे पर येदियुरप्पा पर निशाना साधा था। यही नहीं, कोविड कुप्रबंदन को लेकर भी सरकार के अंदरखाने येदियुरप्पा के खिलाफ आवाज उठता रहा था।