logo

कर्नाटक: मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने दिया इस्तीफा, प्रदेश में नए सीएम की तलाश तेज

कर्नाटक: मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने दिया इस्तीफा, प्रदेश में नए सीएम की तलाश तेज

द फॉलोअप टीम, दिल्ली:

कर्नाटक में जारी सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इस्तीफा दे दिया। आज ही बतौर मुख्मंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कार्यकाल का 2 साल पूरा किया था। कर्नाटक में बीजेपी सरकार के आज ही दो साल पूरे हुए है। सियासत में रूचि रखने वाले तमाम लोगों की नजरें अब इस बात पर टिकी है कि बीजेपी किस नेता को कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनाती है। 

बीते काफी समय से थी इस्तीफे की अकटलें
गौरतलब है कि बीते काफी समय से इस बात की अटकलें जारी थी प्रदेश के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि जब शुरुआती चरण में ये बात चर्चा में थी तो बीजेपी के कुछ शीर्ष नेताओं सहित येदियुरप्पा ने भी इस बात का खंडन किया था। उन्होंने कहा था कि फिलहाल ऐसी कोई बात नहीं है। हालांकि येदियुरप्पा ने ये जरूर कहा था कि वे प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशों का पालन करेंगे। कहा जा रहा था कि कर्नाटक बीजेपी में सभी विधायक बीएस येदियुरप्पा के कामकाज से खुश नहीं थे। वे नेतृत्व में परिवर्तन चाहते थे। कहा ये भी जा रहा है कि येदियुरप्पा ने पद छोड़ने से पहले कुछ शर्तें रखी थी उसमें से एक ये था कि उनके बेटों को केंद्र में कुछ अहम पद दिया जाएगा। इससे पहले कर्नाटक से बीजेपी की एक सांसद को केंद्र में मंत्रीपद दिया गया। वो येदियुरप्पा की करीबी बताई जाती हैं।

2 हफ्ते पहले येदियुरप्पा ने किया था दिल्ली का दौरा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अभी 2 हफ्ते पहले बीएस येदियुरप्पा ने दिल्ली आकर पीएम मोदी सहित बीजेपी के कई शीर्ष नेताओं से व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात की थी। इनमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और उर्जा सहित कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल का नाम शामिल है। उस वक्त इस्तीफे के बाबत पूछे जाने पर येदियुरप्पा ने कहा था कि वे कर्नाटक में विकास परियोजनाओं के विषय में चर्चा के लिए दिल्ली आए हैं। जेपी नड्डा से मुलाकात के बाबत येदियुरप्पा ने कहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में बीजेपी की संभावनाओं को मजबूत करने के इरादे से अहम चर्चा हुई है। हालांकि अब स्पष्ट हो गया है कि उनको तब जरूरी निर्देश दिया गया होगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बीजेपी यहां जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन की सरकार को गिराकर सत्ता में आई थी। 

कर्नाटक में बीजेपी किसे सौंपेगी सत्ता की कमान! 
कहा जा रहा है कि कर्नाटक में असंतुष्ट विधायकों को साधने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की संभावनाओं को प्रबल करने के लिए बीजेपी ने वहां नेतृत्व परिवर्तन किया है। बीते काफी समय से इस बात की चर्चा थी कि भारतीय जनता पार्टी वहां येदियुरप्पा का विकल्प तलाश रही है। किसी वैसे नेता की तलाश की जा रही है कि जो गठबंधन में शामिल सभी विधायकों को साध सके। इस बीच बीजेपी येदियुरप्पा को भी नाराज नहीं करना चाहेगी जिनकी प्रदेश के लिंगायत समुदाय के लोगों में अच्छी-खासी पैठ है। देखना दिलचस्प होगा कि कर्नाटक का अगला सीएम कौन होगा।