द फ़ॉलोअप टीम, मुंबई:
आज विश्व 'वर्ल्ड एंटरप्रेन्योर डे' मना रहा है। दुनिया भर में ये खास दिन संस्थापकों, मैनेजरों, डिजाइनरों, उद्योगपतियों, नयापन करनेवालों, प्रशासकों के लिए पूरी तरह समर्पित होता है। इस मौके पर उन तमाम लोगों के सम्मान में हम जश्न मनाते हैं जो पर्दे के पीछे सफल कारोबार को चलाते और बढ़ाते हैं। आज का दिन उद्यमिता, नए विचार और नेतृत्व के बारे में जागरुकता पैदा करने का मौका होता है। फिलहाल मुंबई निवासी ओडीशा के एक ऐसे यंग एंटरप्रेन्योर की चर्चा आज हम करेंगे, जिसने बहुत ही कम उम्र में कामियाबी हासिल की। अगर हौसले बुलंद हो तो दुनिया की कोई ताकत कामयाब होने से नहीं रोक सकती। भारत एक युवा देश है , लगभग भारत में हर शख्स के पास फोन है। वो इंटरनेट की ताकत जानता है। इसी ताकत को समझते हुए महज 17 साल की उम्र में इंजीनियरिंग छोड़कर रितेश अग्रवाल (ओयो रूम के फाउंडर) ने कंपनी शुरू की। बिना किसी की मदद के रितेश ने ये कारोबार को 71 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। वहीं, हुरुन रिच लिस्ट 2020 में अब ओयो के फाउंडर और 24 साल के सबसे युवा भारतीय रितेश अग्रवाल को भी जगह मिली। उनकी नेटवर्थ 110 करोड़ डॉलर (करीब 8,000 करोड़ रुपये) है. रितेश की ओयो रूम्स (Oyo Rooms) देश की कामयाब इंटरनेट कंपनियों की लिस्ट में फ्लिपकार्ट (20 अरब डॉलर) और पेटीएम (10 अरब डॉलर) के बाद तीसरी कंपनी बन गई है। यह देश की सबसे बड़ी होटल चेन भी है।

रितेश ने कैसे शुरू की कंपनी
रितेश को घूमने का काफी शौक था। साल 2009 में उन्हें देहरादून और मसूरी जाने का मौका मिला। घूमने के दौरान उन्होंने महसूस किया कि रूम का अरेजमेंट करने में काफी परेशानी होती है। कभी ज्यादा पैसे देकर खराब रूम मिलता है तो कभी कम पैसे देकर भी अच्छा रूम मिल जाता है। बस यहीं से उनके दिमाग में एक अनूठे बिजनेस आइडिया ने जन्म लिया और उन्होंने ओयो रूम्स के रूप में एक सक्सेसफुल कंपनी खड़ी कर दी। उन्हें महसूस हुआ कि कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जिनके बारे में कम ही लोग जानते हैं। ऐसे ही अनुभवों ने रितेश को प्रेरित किया और उन्होंने एक ऑनलाइन सोशल कम्युनिटी बनाने के बारे में सोचा, जहां एक हीड्राप आउट पर प्रॉपर्टी के मालिकों और सर्विस प्रोवाइडर्स की सहायता से पर्यटकों को बेड एंड ब्रेकफास्ट के साथ रहने की किफायती सुविधा मुहैया करवाई जा सके। साल 2011 में रितेश ने ओरावेल की शुरुआत की। रितेश के आइडिया से प्रभावित होकर गुड़गांव के मनीष सिन्हा ने ओरावेल में निवेश किया और को-फाउंडर बन गए। वहीं 2013 में रितेश ने इस कंपनी को ओयो रूम्स में बदल दिया।

रितेश की कहां से हुई पढ़ाई
रितेश की शुरुआती पढ़ाई अपने ही जिले में एक स्कूल से हुई और उसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए वे दिल्ली चले गए। दिल्ली में रितेश ने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस अकादमी में एडमिशन लिया लेकिन उनके दिमाग में कुछ और ही चल रहा था और उन्होंने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी। रितेश छोटी उम्र से ही वेदांता के अनिल अग्रवाल, स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग और बिल गेट्स को अपना आदर्श मानते रहे हैं। बता दें कि रितेश मौजूदा समय में IIT और IIM जैसे संस्थानों से पढ़े लोगों की टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। एक इंटरव्यू में रितेश ने कहा था कि भारत में ड्राप आउट का मजाक उड़ाया जाता है और उन्हें समझदार तो बिल्कुल भी नहीं समझा जाता है। उनका मानना है कि अगले कुछ साल में भारत में कुछ और ड्राप आउट नाम कमाएंगे। रितेश अग्रवाल के बारे में एक और चौंकाने वाली बात भी सामने आई है कि उन्हें चीन में काफी पसंद किया जाता है। चीन में रितेश अग्रवाल को ली ताई शी के नाम से जाना जाता है। बता दें कि चीन में ओयो को सबसे बड़ी होटल कंपनी के रूप में स्थापित करने वाले 27 साल के रितेश ने इसके लिए दुनिया की सबसे कठिन समझी जाने वाली चीनी भाषा मंदारिन को कुछ ही महीनों में सीख लिया था।
(कॉपी इंटर्नशिप कर रहे तरुण कुमार की है।)