logo

मुलायम से मिले लालू, समझिए! क्या हैं इस बड़ी मुलाकात के सियासी मायने

मुलायम से मिले लालू, समझिए! क्या हैं इस बड़ी मुलाकात के सियासी मायने

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

 

बिहार के सियासी गलियारों में नई हलचल तेज होने लगी है। यूपी चुनाव भी अगले साल है। ऐसे में लाजिमी है कि नए सियासी समीकरण बनेंगे। ये खबर इसलिए क्योंकि सोमवार को लालू प्रसाद यादव और मुलायम सिंह यादव की मुलाकात हुई है। गौरतलब है कि लालू और मुलायम के बीच इस मुलाकात के दरम्यान मुलायम सिंह यादव के बेटे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। मुलाकात की ये तस्वीर सोशल मीडिया में भी वायरल है। नेताओं ने अपने-अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से भी इस मुलाकात की तस्वीर वायरल की है। इन तस्वीरों पर सियासी अटकलें लग रही हैं। 

 

लालू यादव ने ट्विटर पर शेयर किया फोटो
लालू यादव ने सोमवार को अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से मुलाकात की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश के वरिष्ठतम समाजवादी साथी आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। खेत-खलिहान, गैर-बराबरी, किसानों, गरीबों और बेरोजगारों के लिए हमारी साझी चिंता औऱ लड़ाई है। आज देश को पूंजीवाद औऱ सम्प्रदायवाद नहीं बल्कि लोकसमात और समाजवाद की अत्यंत आवश्यक्ता है। इस पोस्ट के साथ कई तस्वीरें भी हैं जिनमें 2 तस्वीरों में लालू यादव औऱ मुलायम सिंह यादव नजर आ रहे हैं वहीं कुछ तस्वीरों में इनके साथ अखिलेश यादव भी दिख रहे हैं। 

 

 

यूपी में विधानसभा का चुनाव होने वाला है
गौरतलब है कि यूपी में विधानसभा का चुनाव होना है। यूपी की मौजूदा बीजेपी सरकार जहां सुशासन और अपराध मुक्त यूपी का नारा गढ़ने में लगी है तो वहीं बहुजन समाज पार्टी की मायावती ने इस बार ब्राह्मणों को शामिल करने का दांव चला है। जाहिर है कि समाजवादी पार्टी भी नए समीकरण तलाशेगी। गौरतलब है कि जहां लोकसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन करके यूपी के अच्छे लड़के का नारा दिया था वहीं पिछले विधानसभा चुनाव में सपा ने बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन कर बुआ और बबुआ का नारा गढ़ा था। गौरतलब है कि उन दोनों ही चुनावों में सपा को बड़ी हार झेलनी पड़ी थी। जाहिर है कि सपा फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। सियासत के नए समीकरण तलाश रही है। 

 

एनसीपी प्रमुख शरद पवार से भी की मुलाकात
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अभी कुछ ही दिनो पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी नेता शरद पवार ने भी लालू यादव से मुलाकात की थी। इस दरम्यान भी समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव औऱ कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह भी मौजूद थे। बता दें कि ये मुलाकात मीसा भारती के सरकारी आवास पर हुई थी। 

दोबारा राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं लालू प्रसाद यादव
इस बार का चुनाव दिलचस्प होगा। लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला मामले में दुमका कोषागार मामले में जमानत मिल चुकी है। वे फिलहाल दिल्ली स्थित मीसा भारती के आवास पर रह रहे हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। राजद के 25वें स्थापना दिवस के दिन लालू प्रसाद यादव ने जेल से निकलने के बाद पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। लालू यादव लगातार विपक्ष के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। लालू यादव इससे पहले भी अखिलेश यादव से मुलाकात कर चुके हैं।