द फॉलोअप टीम, गुना:
गुना के आरोन इलाके के देवरी गांव में एक युवक ने अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले आत्महत्या कर ली। युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी की। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सत्या रघुवंशी के रूप में हुई है। सत्या प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। आत्महत्या से पहले उसने अपने दो दोस्तों से फोन किया था। अपने एक दोस्त नरेश रघुवंशी से उसने कहा कि "भाई साहब आपने मुझे पैसे नहीं कमवाए। बिना पैसों के जीवन कैसे चलेगा? इस पर दोस्त ने जवाब दिया कि तुम अभी तक पढ़ रहे थे। अब कमा लो, तभी सत्या ने कहा कि अब तो 35 साल की उम्र हो गई, कैसे कमाऊं।" इसके बाद फोन कट हो गया। सत्या का शव गोपीसागर डैम के पास मिला। उसकी सगाई 15 दिन पहले ही हुई थी।

दूसरे दोस्त से भी की बात
सत्या रघुवंशी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयार कर रहा था। उसने हिंदी में MA किया था। चार बार SI की परीक्षा भी दी। शिक्षक भर्ती परीक्षा में उसके 120 नंबर आए थे। कई प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उसकी उम्र सीमा खत्म हो गयी थी। वह परेशान रहता था। सत्या के पिता के पास 15 बीघा जमीन है। उसने गुना में रहने वाले जयदीप रघुवंशी से फोन पर कहा कि "अपने बीच में कुछ लोगों ने गलतफहमियां बढ़ा दी थीं। तू हमेशा मेरे दिल में रहेगा। तेरे जैसा दोस्त मुझे मिला जो दिल फरियाद है। जो सही को सही कहने की हिम्मत रखता है। तू मुझे हमेशा याद रखना। मैं तुझे अपनी जिंदगी में कभी नहीं भूलूंगा। मेरे दिल में तुझसे करीब कोई नहीं है।"

डैम के पास मिली शव
शनिवार को सत्या अपने पिता के इलाज के लिए आरोन से गुना लाया था। इलाज के बाद उसने कहा कि वह गोपीसागर डैम जा रहा है। कुछ देर में उसका फोन बंद हो गया। पिता ने कई बार कॉल किया लेकिन फोन बंद था। जब फोन नहीं लगा तो पिता ने दोस्तों से पता किया। कुछ रिश्तेदारों के साथ जब लोग उसे ढूंढते हुए डैम पहुंचे तो देखा वहां सत्या की बाइक खड़ी थी। उसकी चप्पल भी पास में पड़ी हुई थी। कुछ दूरी पर एक पेड़ के पास उसका शव मिला। 
अमीर लड़की से हुई थी शादी
परिवार वालों ने जिस लड़की से उसकी सगाई हुई है, वह परिवार काफी अमीर है। इसी वजह से उसके मन में ग्लानि थी। आस पास के कुछ लोगों का कहना है कि युवती ने शादी करने से मना कर दिया था, शायद इसलिए उसने आत्महत्या की। रविवार देर शाम को युवक का अंतिम संस्कार किया गया। उसका रविवार को ही जन्मदिन था।